April 18, 2024

गर्वः कल्पना चावला के बाद हरियाणा की एक और बेटी भरेगी आसमान की उड़ान

Chandigarh/Alive News: हरियाणा के करनाल से कल्‍पना चावला के बाद एक और बेटी ने उड़ान भरी है। इंद्री निवासी सुरभि का चयन भारतीय अन्तरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में हुआ है। इस उपलब्धि पर उसके घर में जश्र का माहौल है। सुरभि ने अपनी मेहनत, लगन, माता पिता आदि के आशीर्वाद से सफलता हासिल की है। सुरभि के चयन के बाद उसके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। माता पिता भी अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे है।

जानकारी के मुताबिर सुरभि ने वाईएससी यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रानिक्स व कम्यूनिकेशन में बीटेक की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद गेट परीक्षा की तैयारी करती रही और कुछ समय बाद उसने टीसीएस कंपनी में नौकरी कर ली। फिर उसका चयन बीएसएनएल में जेई के पद पर हो गया लेकिन उनके मन में कुछ और बड़ा करने की तमन्ना थी।

सुरभि के अनुसार जब इसरो ने एक साथ 100 सैटेलाइट लांच किए थे तभी से उनके मन में इसरो के साथ काम करने की इच्छा जागी और उसकी मेहनत रंग भी लाई। इसरो की प्रतियोगिता परीक्षा में उनका परिणाम आल इंडिय़ा रैंक 8 आया और एक साइंटिस्ट के रूप में उनका चयन इसरो में हो गया। सुरभि ने इस उपलब्धि का पूरा श्रेय अपने माता-पिता को दिया और कहा कि उसके अभिभावकों ने उसे पूरी तरह सहयोग किया।