May 8, 2024

मंत्रौच्चारण और शंखनाद के बीच राष्ट्रपति कोविंद ने किया अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आगाज

Kurukshetra/Alive News : मंत्रौच्चारण और शंखनाद के बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कुरुक्षेत्र के अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आगाज किया। इस आगाज के साथ ही ब्रहमसरोवर के चारों तरफ श्लोकोंच्चारण से पूरी फिजा ही गीतामय हो गई। इसके साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ब्रहमसरोवर के पवित्र जल का आचमन कर पवित्र गं्रथ गीता का पूजन कर विधिवत रुप से 25 नवम्बर से 30 नवम्बर तक चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारम्भ किया। शनिवार को ब्रहमसरोवर के पुरुषोतमपुरा बाग में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का जैसे ही आगमन हुआ, उसी समय हरियाणवी परम्परागत वाद्य यंत्रों के बीच हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर कप्तान सिंह सोलंकी, हिमाचल के राज्यपाल आचार्य डा. देवव्रत, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गीता मुनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने परम्परा अनुसार स्वागत किया।

इसके पश्चात राष्ट्रपति रामनथ कोविंद ने ब्रहमसरोवर के पवित्र जल का आचमन कर पूजा अर्चना की और पवित्र गं्रथ गीता पर पुष्प अर्पित कर पूजन किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गीता पूजन के बाद 200 विद्यार्थियों और विद्वानों द्वारा के बीच गीता यज्ञ में पूर्णाहुति डालकर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारम्भ किया। इसके पश्चात राष्ट्रपति ने श्रीकृष्णा सर्किट के तहत विकसित की जाने वाली गीता स्थली ज्योतिसर के मॉडल का अवलोकन किया। इस दौरान उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने ज्योतिसर के मॉडल के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी। इस मॉडल का अवलोकन करने के बाद राष्ट्रपति रामनाथ ने सरस्वती नदी के माडॅल का अवलोकन किया और सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के अध्यक्ष मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सरस्वती नदी के विकास को लेकर राष्ट्रपति को बारीकि से जानकारी दी और अब तक किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सरस्वती परियोजना के मॉडल को देखने के बाद सरस्वती पर किए गए शोध कार्यो और इतिहास को लेकर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सबसे अंत में राष्ट्रपति ने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्यों और अधिकारियों के साथ एक ग्रुप स्मृति चित्र भी करवाया।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के गरिमामयी आगमन के साथ अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2017 का शुभारम्भ हो गया। यह महोत्सव 25 नवम्बर से 30 नवम्बर तक चलेगा। इस महोत्सव में 18 हजार विद्यार्थियों के साथ वैश्विक गीता पाठ, ध्वनि और प्रकाश शो उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक कला केन्द्र पटियाला द्वारा 12 से ज्यादा राज्यों के कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, अंतर्राष्ट्रीय गीता सैमिनार, विराट संत सम्मेलन, ब्रहमसरोवर की महाआरती, गीता शोभा यात्रा आदि मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। इसके लिए प्रशासन और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तरफ से सुरक्षा और व्यवस्था के तमाम पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

इस अवसर पर हरियाणा के शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा, नगर निकाय मंत्री कविता जैन, परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार, सांसद रामकुमार कश्यप, थानेसर विधायक सुभाष सुधा, लाडवा विधायक डा. पवन सैनी, सूचना, जन सम्पर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक समीर पाल सरो, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य सचिव एवं राज्यपाल के सचिव अमित अग्रवाल, उपायुक्त सुमेधा कटारिया, केडीबी के मानद सचिव अशोक सुखीजा, भाजपा के जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, नगर परिषद की अध्यक्षा उमा सुधा, आरएसएस के विभाग कार्यवाहा डा. प्रीतम सिंह सहित केडीबी के सभी सदस्य और अधिकारीगण उपस्थित थे।