June 6, 2026

फरीदाबाद में स्ट्रीट वेंडिंग एक्ट लागू करने की तैयारी तेज, नए वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद नगर निगम शहर में स्ट्रीट वेंडिंग एक्ट को सही तरीके से लागू करने के लिए तेजी से काम कर रहा है। इसी के तहत जॉइंट कमिश्नर परमजीत चहल ने सफाई निरीक्षकों और सहायक सफाई निरीक्षकों के साथ बैठक की और जरूरी निर्देश दिए।

यह बैठक निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों पर हुई। इसमें अधिकारियों को कहा गया कि वे अपने-अपने इलाकों में नए स्ट्रीट वेंडिंग जोन के लिए सही जगहों की पहचान करें। साथ ही पहले से बने वेंडिंग जोनों का भी निरीक्षण करें और सोमवार तक अपनी रिपोर्ट जमा करें।

परमजीत चहल ने बताया कि जब ये वेंडिंग जोन तैयार हो जाएंगे, तो वहां वेंडरों को जरूरी सुविधाएं जैसे पीने का पानी दिया जाएगा। साथ ही जो वेंडर सड़कों पर इधर-उधर खड़े होकर सामान बेचते हैं, उन्हें इन तय जोनों में शिफ्ट किया जाएगा। इससे ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आने-जाने में परेशानी नहीं होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि हर वेंडिंग जोन में कूड़ा इकट्ठा करने की व्यवस्था होनी चाहिए और सफाई वाहन नियमित रूप से कूड़ा उठाएं, ताकि साफ-सफाई बनी रहे।

इस बैठक में जिला परियोजना अधिकारी महेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि अब तक नगर निगम 69 स्ट्रीट वेंडिंग जोन चिन्हित कर चुका है।