March 10, 2026

पल्ला-सेहतपुर में 50 बेड के अस्पताल के निर्माण की तैयारी तेज, डीसी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Faridabad/Alive news: पल्ला-सेहतपुर क्षेत्र में बनने वाले शहरी स्वास्थ्य केंद्र (UHC) में 50 बेड के अस्पताल के निर्माण को लेकर मंगलवार को उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, पशुपालन विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में अस्पताल तक जाने वाले रास्ते की चौड़ाई, प्रवेश और निकास मार्ग, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। डीसी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फायर सेफ्टी के नियमों के अनुसार अस्पताल तक चौड़ा रास्ता बनाया जाए, ताकि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन आसानी से आ-जा सकें। उन्होंने बताया कि अस्पताल में आने-जाने के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाने का प्रस्ताव है, जिससे मरीजों और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। नगर निगम ने बताया कि मौजूदा रास्ते को लेकर कोई आपत्ति नहीं है। वहीं पशुपालन विभाग ने भी पहले सीमित भूमि उपयोग की अनुमति दिए जाने की जानकारी दी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि रास्ते से जुड़ी जमीन के उपयोग के लिए संबंधित विभागों से औपचारिक मंजूरी ली जाएगी। साथ ही शिक्षा विभाग से भी जरूरी अनुमति लेने के निर्देश दिए गए, ताकि आगे किसी तरह की प्रशासनिक रुकावट न आए।

डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि सभी विभाग जल्द से जल्द अपनी एनओसी देकर रिपोर्ट तैयार करें और इसे उच्च मुख्यालय भेजा जाए, ताकि मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत अस्पताल निर्माण को जल्दी मंजूरी मिल सके। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, इसलिए सभी विभाग मिलकर इस काम को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें।

बैठक में डीडीपीओ प्रामिन्दर, सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा, नगर निगम के एक्सईएन ओमबीर सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।