November 13, 2026

प्रदूषण से बच्चों की सेहत बिगड़ी, रोजाना 50 से 60 पहुंच रहे अस्पताल; स्कूलों में अब भी सामान्य पढ़ाई

हरियाणा में 1107 निजी स्कूल RTE नियमों के उल्लंघन और दस्तावेज न देने पर ब्लैकलिस्ट किए गए।

Faridabad/Alive News: शहर में बढ़ते प्रदूषण का असर अब बच्चों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। प्रदूषित हवा के कारण बच्चों में आंखों में जलन, खांसी, गले में खराश और सांस लेने संबंधी परेशानियां बढ़ रही हैं। जिला नागरिक अस्पताल में रोजाना 50 से 60 बच्चे ऐसी शिकायतों के साथ पहुंच रहे हैं। वहीं, स्कूलों में भी विद्यार्थियों की उपस्थिति कम होने लगी है। कई बच्चे तबीयत खराब होने के कारण छुट्टी ले रहे हैं। इसके बावजूद स्कूलों में पढ़ाई का तरीका सामान्य दिनों की तरह ही चल रहा है। फरीदाबाद में एक्यूआई 298 तक पहुंचने के बाद भी ऑनलाइन कक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से कोई फैसला नहीं लिया गया है। ऐसे में अभिभावकों के सामने बच्चों की सेहत और पढ़ाई दोनों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

अस्पताल पहुंच रहे बच्चे, स्कूलों में घट रही हाजिरी

स्कूलों से मिली जानकारी के अनुसार, पहले की तुलना में कक्षाओं में विद्यार्थियों की संख्या कम दिखाई दे रही है। खांसी, जुकाम और सांस संबंधी परेशानी के कारण कई बच्चे स्कूल नहीं पहुंच रहे हैं। लगातार छुट्टी होने से उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। अभिभावक बच्चों को प्रदूषण से बचाने के लिए घर पर रखना चाहते हैं, लेकिन ऑनलाइन कक्षाओं की सुविधा नहीं होने से उनकी पढ़ाई छूटने का डर भी बना हुआ है।

क्या कहना है अधिकारी का

अभी तक ऑनलाइन क्लास शुरू करने का कोई आदेश नहीं आया है। डीसी की ओर से आदेश आते हैं तो ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी।

– मनोज मित्तल, डिप्टी डीईओ