Faridabad/Alive News: पुलिस कमिश्नर सतेंद्र गुप्ता ने कर्तव्य निभाते हुए घायल हुए पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया। यह सम्मान सूरजकुंड मेले में झूला गिरने की घटना के दौरान बचाव कार्य में घायल हुए पुलिसकर्मियों और साइबर ठगी के आरोपी को पकड़कर लाते समय सड़क दुर्घटना में घायल टीम को दिया गया।
मेले के दौरान राहत-बचाव कार्य करते समय महिला असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर नीलम की आंख के ऊपर की हड्डी टूट गई और सिर में चोट आई। वहीं एसपीओ राजेश कुमार की तीन पसलियां टूट गईं तथा महिला कांस्टेबल शर्मिला की उंगली में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस कमिश्नर ने तीनों को पांच-पांच हजार रुपये की नकद राशि और प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया।
उधर साइबर थाना सेंट्रल की टीम 13 फरवरी को शेयर मार्केट धोखाधड़ी मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर भोपाल से फरीदाबाद ला रही थी। 14 फरवरी की रात मुंबई एक्सप्रेसवे पर उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर जितेंद्र, हेड कांस्टेबल सुनील और कांस्टेबल लक्ष्मण घायल हो गए। हादसे में दो आरोपी भी घायल हुए और हेड कांस्टेबल सुनील को गंभीर चोटें आईं।
पुलिस कमिश्नर ने कर्तव्यनिष्ठा और साहस का परिचय देने वाले सभी घायल पुलिस अधिकारियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया।

