March 10, 2026

आउटसोर्स ड्राइवरों का अब पुलिस सत्यापन अनिवार्य

Faridabad/Alive News : वरिष्ठ अधिकारियों के लिए निजी वाहनों की नियुक्ति प्रक्रिया में पाई गई कमियों को गंभीरता से लिया गया है। हाल ही में नगर निगम में ऐसी एक अप्रिय घटना सामने आई जिससे इस प्रक्रिया में सुधार की आवश्यकता को उजागर किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यालय समय के उपरांत कुछ निजी ड्राइवरों ने आवंटित वाहनों का अनुचित उपयोग किए जाने की संभावना बनी रहती है साथ ही, एजेंसी द्वारा नियुक्त ड्राइवरों के लिए आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच या पुलिस सत्यापन अनिवार्य न होना भी चिंता का विषय है। हाल ही में नगर निगम में इस प्रकार की दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने एवं शासकीय संस्थाओं की गरिमा को बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम ने निर्देश दिए कि सभी आउटसोर्सिंग एजेंसियां आगामी एक सप्ताह के भीतर अपने द्वारा नियुक्त किए गए समस्त चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। यह कदम यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी असामाजिक तत्व को एजेंसी के माध्यम से नियोजित न किया जा सके।

पुलिस प्रवक्ता ने मीडिया प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि किसी भी अपुष्ट या अप्रमाणित जानकारी को सार्वजनिक रूप से साझा न करें। केवल संबंधित विभाग या अधिकृत स्रोतों से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के आधार पर ही समाचार प्रकाशित या प्रसारित करें, ताकि भ्रामक सूचनाओं से बचा जा सके और जनहित में सही जानकारी ही सामने आए।