March 7, 2026

पुलिस ने 156 गुम मोबाइल ढूंढकर मालिकों को लौटाए, करीब 31 लाख रुपये की कीमत

Faridabad/Alive News: साइबर सेल टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुम हुए 156 मोबाइल फोन खोज निकाले। इन मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 31,20,000 रुपये बताई गई है। बरामद किए गए सभी फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए गए।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर सेल की टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से विभिन्न लोगों के कुल 159 गुमशुदा मोबाइल फोन ट्रेस किए। इसके बाद जरूरी प्रक्रिया पूरी कर फोन उनके मालिकों को लौटा दिए गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने खुशी जताई और पुलिस का धन्यवाद किया।

पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी गुम मोबाइल फोन ढूंढकर मालिकों को लौटाए जा चुके हैं और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की अपील है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें, ताकि फोन को ब्लॉक कर ट्रेस किया जा सके और वापस मिलने की संभावना बढ़े।

फरीदाबाद पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत ऑनलाइन शिकायत करने की सलाह दी।