May 6, 2024

राम रहीम को सजा सुनाए जाने से पहले ही पुलिस ने सुनारिया जेल को छावनी में किया तब्दील

Chandigarh/Alive News : साध्वी दुष्कर्म मामले में सजा काट रहे राम रहीम को सजा सुनाए जाने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। अदालत का फैसला आने से पहले ही सुरक्षा की दृष्टि से सुनारिया जेल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। बंदियों से मिलने पर भी रोक लगा दी गई। शहर के चर्चित विजय नगर हत्याकांड के आरोपी को भी व्यक्तिगत रूप सें अदालत में पेश नहीं किया जा सका।

मिली जानकारी के अनुसार साध्वी दुष्कर्म मामले में सजा काट रहे डेरा संचालक को एक और मामले में सोमवार को सजा सुनाई जानी है। इसके चलते पुलिस व जेल प्रशासन सुबह से ही हाई अलर्ट पर नजर आ रहा है। सुनारिया पुलिस कांप्लेक्स में आने-जाने वाले हर व्यक्ति को पुलिस की गहन जांच से गुजरना पड़ा।आलम यह है कि वाहन चालक हो या पैदल यात्री हर किसी को जांच पड़ताल के बाद ही कांप्लेक्स में प्रवेश करने दिया जा रहा है।

यही नहीं जेल के कैदियों व बंदियों की मिलाई पर भी पूरी तरह रोक रही। इनके परिजनों को जेल की ओर जाने वाली मुख्य सड़क से ही वापस लौटा दिया गया। इधर, विजय नगर हत्याकांड मामले में आरोपी अभिषेक उर्फ मोनू को भी पुलिस व्यक्तिगत रूप से सुनवाई के लिए अदालत नहीं ले जा पाई। राम रहीम की सुरक्षा के चलते मोनू की दोपहर एक बजे तक भी अदालत में पेशी नहीं हो पाई। आरोपी के अधिवक्ता की मानें तो इस मामले में ऑनलाइन वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए ही उसकी अदालत में पेशी का प्रयास किया जा रहा है।