May 7, 2024

2022 तक प्रधानमंत्री के इरादे होंगे पूरे : मनोहर लाल

Kuruksetra/Alive News : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2022 तक किसानों की आय दौगुनी करने के इरादे व वायदे को हरियाणा देश की अन्य राज्यों की तुलना में सबसे पहले पूरा करेगा। प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओ.पी धनखड़ हर समय नई योजनाएं हरियाणा के किसानों के लिए लागू करने की पहल कर रहे है और दुनिया भर में जो भी अनुकरणीय कार्यक्रम है, उनको हरियाणा में लागू किया जा रहा हैं।

गेंहू व धान की परम्परागत फसलों से अन्य नगदी फसलों की विविधिकरण की इंडो-इजरायल आपसी सहयोग के स्थापित हरियाणा में सब्जी, फल, फुल, डेयरी व शहद के 5 स्थापित उत्कृष्ठता केन्द्र प्रधानमंत्री के इस विजन को साकार करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शुक्रवार को कुरुक्षेत्र जिले के रामनगर में लगभग 10.5 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से 25 एकड़ क्षेत्र में इंडो-इजरायल परियोजना मिशन के बागवानी समेकित विकास के तहत स्थापित एकीकृत मधुमक्खी विकास केन्द्र का उदघाटन करने उपरांत उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे।

समारोह में भारत में इजरायल के राजदूत डेनियल कामरॉन, भारत में इजरायल दूतावास में मशाव के कांउसलर डन आलूफ का इजरायल भाषा मेें स्वागत अर्थात स्लोम कहकर मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत किया। इंडो-इजरायल आपसी सहयोग के सम्बन्धों को लम्बे समय तक सुदृढ़ बनाए जाने की आवश्यकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व में इजरायल व जापान 2 ऐसे देश है जो देशभक्ति के अपने संकल्प के लिए जाने जाते हैं।

इजरायल ने कुरुक्षेत्र की इस धरा पर अपने परियोजनाओं के तहत यह देश का पहला एकीकृत मधुमक्खी विकास केन्द्र खोलने का निर्णय लिया हैं। उन्होंने कहा कि इस समय इस केन्द्र में 13 बी-ब्रीडर है जिन्हें अगले साल बढ़ाकर 32 किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रति बी-ब्रीडर 4 लाख रुपए की सबसीडी मधुमक्खी पालन के लिए उपलब्ध करवा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इजरायल का भौगोलिक व वर्षा की स्थिति राजस्थान के समान होते हुए भी सूक्ष्म ईकाई के माध्यम से खेती को बढ़ावा देकर इजरायल ने पूरे देश में पहचान बनाई हैं। कम जमीन व कम पानी के उपयोग से खेती करना इजरायल के लोगों ने विश्व को सिखाया हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी पानी की स्थिति अच्छी नहीं हैं, 60 ब्लॉक का भूजल स्तर काफी नीचे जाकर डार्क जोन में आ गया हैं। उन्होंने कहा कि किसान हरियाणा की रीढ़ है और इनके हितों को सदैव प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 3 वर्षो के दौरान वर्तमान सरकार ने किसानों को 2450 करोड़ से अधिक का मुआवजा उनकी फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए दिया हैं, जबकि 48 सालों में हरियाणा में जितनी भी सरकारे रही, उन्होंने मात्र 1300 करोड़ रुपए का मुआवजा किसानों को दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डेनियल कामरॉन को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का निमंत्रण भी दिया, जिसे कामरॉन ने सहज स्वीकार कर लिया। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने अपने सम्बोधन में कहा कि इजरायल का क्षेत्रफल 22 हजार वर्ग किलोमीटर हैं तो हरियाणा का क्षेत्रफल 44 हजार वर्ग किलोमीटर हैं। जनसंख्या भी हरियाणा से कम है और बरसात भी 3 गुणा कम हैं, फिर भी सूक्ष्म सिंचाई योजना और पानी की हर बंूद का सदुपयोग कर इन्होंने विश्व को राह दिखाई हैं।

उन्होंने सितम्बर माह में इजरायल के उनके दौरे का जिक्र किया जिसमें डेयरी प्रबंधन व दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में इजरायल के साथ सहयोग बढ़ाने के समझौते हुए थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में प्रति लीटर प्रति पशु दुग्ध उत्पादन 6.8 लीटर हैं और 36 लाख दुधारु पशु हैं। उन्होंने कहा कि हिसार में डेयरी उत्कृष्ठता केन्द्र इजरायल के सहयोग से स्थापित किया जाएगा। इस अवसर पर बागवानी विभाग के मिशन निदेशक डा. बीएस सहरावत ने इंडो-इजरायल परियोजनाओं तहत चलाई जाने वाली बागवानी विभाग की विभिन्न जानकारी दी हैं।

इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी, विधायक सुभाष सुधा, विधायक डा. पवन सैनी, हरियाणा किसान आयोग के अध्यक्ष डा. रमेश यादव, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के निर्देशक एवं राष्ट्रीय मधुमक्खी बोर्ड के कार्यकारी निर्देशक डा. बीएल सारस्वत, बागवानी आयुक्त डा. बी.एन मूर्ति, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के प्रधान सचिव डा. अभिलक्ष लिखी, चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय हरियाणा के कुलपति प्रो. के.पी सिंह, निर्देशक विस्तार शिक्षा डा. आर.एस हुड्डा, महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय करनाल के विस्तार शिक्षा निर्देशक डा. समर सिंह, डीन डा. एस.के सहरावत, उपायुक्त सुमेधा कटारिया, पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग, जिला परिषद के अध्यक्ष गुरदयाल सुनहेड़ी, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, रविन्द्र सांगवान, रामपाल पाली, सुभाष बेदी सहित अन्य भाजपा नेता व गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।