Bihar/Alive News: बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों में एनडीए बंपर जीत की तरफ बढ़ रहा है। राजद के नेतृत्व में महागठबंधन का बुरा हाल है। साफ है कि बिहार की जनता ने पीएम मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक बार फिर विश्वास जताया है।
बिहार चुनाव नतीजे: एनडीए की बड़ी जीत, भाजपा सबसे बड़ी पार्टी
बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम नतीजे शुक्रवार को चुनाव आयोग ने जारी कर दिए। इस बार भी सत्ता पर काबिज एनडीए ने शानदार जीत दर्ज की है। गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी ने सबसे ज्यादा सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगी जदयू दूसरे नंबर पर रही।
- भारतीय जनता पार्टी- 89
- जनता दल (यूनाइटेड)- 85
- राष्ट्रीय जनता दल- 25
- लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)– 19
- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस– 6
- एआईएमआईएम– 5
- हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (से.)– 5
- राष्ट्रीय लोक मोर्चा– 4
- सीपीआई (एमएल) (लिबरेशन)– 2
- इंडियन इंक्लूसिव पार्टी– 1
- सीपीआई (एम)– 1
- बीएसपी– 1
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने बिहार में एनडीए की जीत पर कहा, “बिहार के नतीजे हमारी उम्मीद से भी बेहतर हैं। पहले बिहार में चुनाव जाति के आधार पर होते थे, लेकिन अब ये खत्म हो गया। प्रधानमंत्री महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों को सशक्त बनाना चाहते हैं। अगर ये चारों सशक्त होंगे, तो बिहार भी शक्तिशाली होगा, देश भी शक्तिशाली होगा। जो ये यात्रा शुरू हुई है, उसे कोई नहीं रोक सकता, ये बंगाल पहुंचकर ही रुकेगी।”
धर्मेंद्र प्रधान बोले- हमें अपने विजन को बंगाल ले जाना है
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बिहार में एनडीए की जीत पर कहा, “जिस तरह से विपक्ष प्रचार कर रहा था, हम समझ गए थे कि जनता इस नकारात्मकता को नकार देगी और हम एक बड़ी जीत की ओर बढ़ रहे हैं… प्रधानमंत्री कहते हैं कि जब तक पूर्वोदय का विकास नहीं होगा, तब तक विकसित भारत नहीं होगा, बिहार, बंगाल, ओडिशा, झारखंड ये सब हमारे पूर्वोत्तर का हिस्सा हैं, आज देश में जो कुछ भी हो रहा है, हमें उस विजन को बंगाल तक ले जाना है।”
शिवसेना यूबीटी ने लगाए बिहार में वोट चोरी के आरोप
शिवसेना (उद्धव-बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे ने बिहार में एनडीए की जीत पर कहा, “मैं सबसे पहले चुनाव आयोग का अभिनंदन करना चाहूंगा कि उन्होंने भाजपा के लिए जो प्रयोग किया है, वह यशस्वी दिख रहा है… महिलाएं बहुत विचार करके मतदान करती हैं। महिलाएं कभी भी पैसों के लिए वोट नहीं देती हैं। ये लोग वोट चोरी को न्यायोचित ठहराने के लिए महिलाओं को आगे ला रहे हैं । वोट चोरी हुई है।”
बिहार चुनाव पर राहुल गांधी ने दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को बेहद चौंकाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन जीत हासिल नहीं कर सका क्योंकि चुनाव की प्रक्रिया शुरुआत से ही निष्पक्ष नहीं थी। राहुल गांधी के अनुसार, यह नतीजे चुनाव की उस स्थिति को दर्शाते हैं, जहां बराबरी की लड़ाई संभव ही नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि महागठबंधन को जनता का व्यापक समर्थन मिला, लेकिन चुनाव में निष्पक्षता की कमी ने नतीजों को प्रभावित किया।
एनडीए की जीत पर पप्पू यादव का कटाक्ष
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बिहार में एनडीए की जीत पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “मैं बिहार की जनता के निर्णय का सम्मान करता हूं। क्या 20 हजार करोड़ रुपए में बिहार के वोट खरीदे जा सकते हैं?… क्या अब रोजगार का मुद्दा बचेगा?… क्या जनता का यह जनादेश था?… यह हम सभी की जिम्मेदारी थी… नीतीश कुमार के विचारों का भाजपा के विचारों के साथ कोई मेल नहीं है।”
पीयूष गोयल बोले- बिहार के लिए नए अवसर खुलेंगे
बिहार चुनाव के नतीजों को लेकर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, “मैं समझता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में NDA ने बिहार चुनाव में एक अद्भुत विजय प्राप्त की है। यह भारत के लोगों के दिल की आवाज है। बिहार के लोगों ने सुशासन और विकास के लिए अपना मत दिया है। मुझे पूरा विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आने वाले वर्ष बिहार के सुनहरे वर्ष होंगे। बिहार की जनता के लिए नए अवसर और नए मौके खुलेंगे।”
मैंने कहा था 80 से ज्यादा सीट मिलेगी- केसी त्यागी
जदयू नेता केसी त्यागी ने कहा, मैंने कहा था कि जदयू 80 से ज्यादा सीट जीतेगी। पिछली बार आपसी तालमेल के अभाव में हम नहीं कर पाए थे। मुझे प्रसन्नता है कि जदयू ने दोबारा नीतीश कुमार के नेतृत्व में अपनी उसी संख्या को प्राप्त किया है… हमारे बीच एक लंबा और पुराना ऐतिहासिक रिश्ता है। सुशासन का मतलब है नीतीश कुमार और नीतीश कुमार का मतलब है बिहार की एनडीए सरकार।

