April 28, 2024

खेलों हरियाणा प्रतियोगिता के माध्यम से होगा खेलो इंडिया यूथ गेम्स के खिलाड़ियों का चयन

Chandigarh/Alive News : हरियाणा ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 की तैयारी को लेकर अभी से रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इस बार हरियाणा खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 की मेजबानी करेगा। खेलो का मेजबान होने के नाते प्रदेश अधिक से अधिक पदक झटके, उसके लिए खेल विभाग ने बेहतर खिलाड़ियों को तराशने का कार्य भी शुरू कर दी है। इसके लिए 27 से 29 अगस्त तक खेलो हरियाणा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 20 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। ये सभी प्रतियोगिताएं खेलो इंडिया की तर्ज पर ही कराई जाएंगी ताकि उत्कृष्ट खिलाड़ी तराशे जा सकें।

मिली जानकारी के अनुसार खेलो हरियाणा में 18 वर्ष आयु वर्ग के 9680 पुरुष व महिला युवा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। वहीं स्वर्ण पदक विजेताओं को 5000, रजत पदक विजेताओं को 3000 व कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों को 2000 रुपये के नकद पुरस्कार से नवाजा जाएगा। फरवरी 2022 में खेलो इंडिया यूथ गेम्स हरियाणा में होने हैं। इनमें पूरे देश के 8500 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पांच स्वदेशी गेम्स सहित 25 खेलों में प्रतियोगिताएं होंगी। प्रदेश सरकार की योजना है कि इन खेलों की पदक तालिका में हरियाणा टॉप पर रहे, इसलिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खेल विभाग को खेलो हरियाणा का आयोजन कराने के लिए कहा है। इन खेलों में पदक जीतने वाले युवा खिलाड़ियों को 2022 के युवा गेम्स के लिए तैयार किया जाएगा।

इन सब का जिम्मा हरियाणा सरकार ने खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह को सौंपा है। इन खेलों के पदक विजेताओं को खेलो इंडिया में पदक जीतने के लिए सभी सुविधाएं खेल विभाग मुहैया कराएगा। उन्हें प्रशिक्षण, इाइट व कोच इत्यादि को लेकर भी मदद की जाएगी। वहीं मिली जानकारी के अनुसार खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 26 अगस्त दोपहर 2 बजे तक खेल स्थलों पर पहुंचना होगा और टीम प्रभारियों को अपने जिले के दो झंडे साथ लेकर आना होगा। खिलाड़ियों को ट्रैक सूट खेल निदेशालय उपलब्ध कराएगा। खिलाड़ियों की आयु के प्रमाण पत्र को टीम तैयार करते समय जांचा जाएगा।

इन खेलों में होंगी ये प्रतियोगिताएं
तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, साइक्लिंग, फुटबाल, जिमनास्टिक, हॉकी, हैंडबाल, जूडो, कबड्डी, खो-खो, लॉन टेनिस, शूटिंग, तैराकी, टेबल टेनिस, रेसलिंग, रेसलिंग ग्रीको रोमन, वॉलीबाल जैसे खेलों का आयोजन किया जायेगा। इस प्रतियोगिता के तहत भिवानी में 2200, फरीदाबाद में 2420, गुरुग्राम में 1188, हिसार में 1474, कुरुक्षेत्र में 308, रोहतक में 1232, यमुनानगर में 858 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन विभिन्न खेलों में करेंगे।