May 4, 2024

पौधारोपण कर बनाए पर्यावरण संतुलन : अमरिन्द्र

Kurukshetra/Alive News :  हरियाणा वन विकास निगम पंचकूला द्वारा वन कॉम्पलैक्स पिपली में स्थित ट्रैनिंग सैंटर में पर्यावरण शिक्षा शिविर का आयोजन किया जा रहा हैं। प्रतिदिन कुरूक्षेत्र जिले के विभिन्न स्कूलों के 50 छात्र/छात्राऐं उक्त शिविर में प्रकृति के बारे में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। इस शिविर में हरियाणा वन विकास निगम की प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं प्रबन्धक अमरिन्द्र कौर, पर्यावरण न्यायालय कुुरक्षेत्र के न्यायाधीश अनिल कौशिक, वन मंडल अधिकारी पंचकूला विशाल कौशिक, हरियाणा वन विकास निगम महाप्रबन्धक सूरजभान आदि अधिकारियों ने शिरकत की। यह शिविर हरियाणा राज्य प्रदूषण नियन्त्रण बोर्ड के सौजन्य से लगाया गया है।

 हरियाणा वन विकास निगम की प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं प्रबन्धक अमरिन्द्र कौर ने बुधवार को बच्चों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में पर्यावरण का सन्तुलन बनाये रखने के लिये अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिये, पौधे लगाने ही नही बल्कि उनका संरक्षण भी करना अति आवश्यक है ताकि आने वाली पीडियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि पौधों का हमारे जीवन में बहुत महत्व है। यदि पौधे नही लगाये तो वह दिन दूर नही कि सम्पूर्ण हरियाणा रेगिस्तान का रूप धारण कर लेगा व खुली हवा में सांस लेना मुश्किल हो जायेगा। आने वाली पीढ़ी को ऑक्सीजन की भी खरीद करनी पड़ेगी।

विशाल कौशिक ने कहा कि प्रदेश में पर्यावरण शिविर का आयोजन यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, पंचकूला में किया जा रहा है। इस शिविर का मकसद बच्चों को प्रकृति रूबरू करवाना है। उनका कहना है कि बच्चों को अगर पर्यावरण के बारे में बताया जाये तो वह अपने घर व जीवन में अनुशासन पर खरे उतर सकते है। इस शिविर में वन्य प्राणी निरीक्षण पिपली राजीव गर्ग ने भी बच्चों को विस्तार से जानकारी दी।

पर्यावरण न्यायालय कुुरक्षेत्र के न्यायाधीश अनिल कौशिक पौधों के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पौधों के प्रति जागरूक करना है। अगर हम आज जागरूक नही हुये तो हमें भविष्य में इसके गम्भीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। सभी बच्चे एक पौधा लगाकर उसकी सुरक्षा तब तक करे जब तक कि वह पेड़ नही बन जाता। ऋषि मुनियों ने भी वृक्ष को भगवान माना है क्योंकि वह वृक्ष शुद्ध वायु देता है। इस मौके पर स्कूल के बच्चों ने इको टूरिज्म द्वारा आयोजित प्रश्नोत्तरी व पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लिया।

इको टूरिज्म की ओर से विजेता बच्चों को पर्यावरण न्यायालय कुुरक्षेत्र के न्यायाधीश अनिल कौशिक ने पुरस्कार प्रदान किये व प्रत्येक बच्चे को एक-एक तुलसी का पौधा वितरित किया गया। इस अवसर पर प्रबन्धक हरियाणा वन विकास निगम कुरूक्षेत्र राजेश कुमार व आत्मप्रकाश ने भी बच्चों को वन एवं पर्यावरण संरक्षण व पौधारोपण सुरक्षा सम्बन्धी टिप्स दिये। इस मौके पर रीटा रंजन, सरिता, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रतापगढ़ के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण सहित स्कूल के बच्चे मौजूद थे।