Faridabad/Alive News: गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सराय ख्वाजा फरीदाबाद में वन महोत्सव के अवसर पर पौधरोपण किया गया। यह कार्यक्रम जूनियर रेडक्रॉस (जेआरसी) और सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड (एसजेएबी) के सहयोग से आयोजित हुआ।
विद्यालय के प्राचार्य और जेआरसी अधिकारी रविंद्र कुमार मनचंदा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य वायु प्रदूषण को कम करना और पर्यावरण को स्वच्छ बनाना है। उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर के कार्यालय वाले लॉन में अध्यापकों और जेआरसी सदस्यों ने हारसिंगार के पौधे लगाए।
उन्होंने यह भी बताया कि बीते वर्षों में जेआरसी और एसजेएबी ने सेक्टर 29 की आरडब्ल्यूए (रजिस्टर्ड वेलफेयर एसोसिएशन) के साथ मिलकर स्कूल, पार्कों और सामुदायिक स्थलों पर कई बार पौधरोपण किया है। आरडब्ल्यूए महासचिव सुबोध नागपाल हमेशा इस कार्य में सहयोग करते हैं।
मनचंदा और नागपाल ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे फरीदाबाद को स्वच्छ बनाने में मदद करें, पानी की बर्बादी न करें और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम जरूर अपनाएं।
मनचंदा ने कहा कि हम सभी को वन महोत्सव के अवसर पर यह संकल्प लेना चाहिए कि हम प्रकृति का संरक्षण करेंगे और पौधों को अपनी संतान की तरह पालेंगे। उन्होंने अभियान में सहयोग देने वाले सभी टीचरों, जेआरसी और ब्रिगेड के सदस्यों, विशेष रूप से वाणिज्य प्रवक्ता निखिल और गणित प्रवक्ता ममता का आभार जताया।
अंत में उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि मानसून के मौसम में हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा जरूर लगाए और उसे बड़ा करने की जिम्मेदारी ले।

