September 30, 2024

लोकतंत्र में जनता जनार्दन ही सर्वोपरि, ये हार नहीं, बल्कि जीत है : गोबिंद कांडा

Chandigarh/Alive News : भाजपा-जजपा उम्मीदवार गोबिंद कांडा ने ऐलनाबाद उपचुनाव में जनता के फैसले का स्वागत किया है। उनके अनुसार लोकतंत्र में जनता जनार्दन ही सर्वोपरि होती है। ये उनकी हार नहीं, बल्कि जीत है। चुनाव में भाजपा की नीयत और नीति मतदाताओं के समक्ष रखी, मतदाताओं ने जो फैसला दिया है, वह उन्हें स्वीकार है। जनता ही लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करती है। मतदाताओं ने उन्हें बड़ी संख्या में वोट दिए, जिसके लिए वे उनके आभारी हैं। उन्होंने कहा कि इस हार के बाद भी वे सदैव ऐलनाबाद की जनता के साथ खड़े दिखाई देंगे।

मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल, भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावडे़, प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, चुनाव प्रभारी सुभाष बराला, सांसद सुनीता दुग्गल, जिला प्रधान आदित्य देवीलाल चौटाला, जजपा संस्थापक डॉ. अजय सिंह चौटाला, डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, राजस्थान और अन्य राज्यों से आए सहयोगियों का आभार व्यक्त किया है। कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने इसे चुनाव में अपनी जीत मानते हुए एक-दूसरे को लड्डू खिलाए। उन्होंने कहा कि आज तक इनेलो के गढ़ में कोई भी इतनी कड़ी टक्कर को नहीं दे पाया।