June 6, 2026

समाधान शिविर में लोगों को मिल रही तुरंत राहत: सीटीएम

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा लगाए जा रहे ‘समाधान शिविर’ लोगों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रहे हैं। सोमवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में ऐसा ही एक शिविर लगाया गया, जहां नगराधीश (सीटीएम) अंकित कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं।

इस शिविर का आयोजन उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में किया गया। सीटीएम अंकित कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की शिकायतों का जल्दी से जल्दी समाधान किया जाए।

शिविर में सबसे ज्यादा शिकायतें परिवार पहचान पत्र (PPP) में आय की गलती और नए सदस्य जोड़ने से जुड़ी आईं। इसके अलावा राशन कार्ड, अवैध कब्जे, पुलिस और बिजली विभाग से संबंधित समस्याएं भी सामने आईं। इन सभी शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं।

अंकित कुमार ने कहा कि सरकार और प्रशासन हमेशा लोगों की मदद के लिए तैयार हैं और ये शिविर आगे भी लगातार लगाए जाते रहेंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, जमीन रजिस्ट्रेशन, पेंशन, राशन कार्ड, बिजली या किसी अन्य समस्या से जुड़ी परेशानी है, तो वे शिविर में आकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।

उन्होंने यह भी बताया कि हर सोमवार और गुरुवार सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में ये शिविर लगाए जाते हैं, ताकि लोगों की समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा सके।