June 6, 2026

बिजली कटौती से परेशान लोगों का देर रात प्रदर्शन, पुलिस के समझाने पर मामला शांत

Faridabad/Alive News: ग्रेटर फरीदाबाद की एडोर हैप्पी होम सोसायटी में बिजली कटौती से परेशान होकर लोगों ने देर रात सड़क पर उतरकर बिल्डर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया, जिसके बाद बिजली सप्लाई फिर से शुरू कर दी गई।

निवासियों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5 बजे से सोसायटी में बिजली चली गई थी। उन्होंने मेंटेनेंस एजेंसी और बिल्डर से कई बार संपर्क किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। दोपहर करीब 2 बजे थोड़ी देर के लिए बिजली आई, लेकिन फिर से चली गई।

बार-बार शिकायत करने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो लोग नाराज होकर सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन करने लगे।

निवासियों का कहना है कि सोसायटी में बिजली का सही इंतजाम नहीं किया गया है और सप्लाई बिल्डर के जरिए ही दी जाती है। बिजली न होने के कारण पानी की भी समस्या हो गई, जिससे खासकर बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी हुई।

खेड़ी पुल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लोगों को समझाकर शांत किया और बिजली सप्लाई शुरू करवाई गई। अब स्थिति सामान्य है।