May 2, 2024

लोगों का भाजपा सरकार से मोहभंग : सुमित्रा चौहान

Faridabad/Alive News : हरियाणा से दस हजार महिलाएं जनाक्रोश रैली में भाग लेंगीं। अकेले जिला फरीदाबाद से 1000 महिलाएं 29 अप्रैल को रामलीला मैदान दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की तरफ से आयोजित रैली में पहुंचेंगी। यह जानकारी हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने फरीदाबाद में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में दी। उन्होंने कहा कि जन आक्रोश रैली को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व पार्टी के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। हरियाणा, दिल्ली के सबसे समीप होने की वजह से सबसे ज्यादा कार्यकर्ता यहां से जाएंगे।

हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुमित्रा चौहान का फूल मालाओ से स्वागत करते हुए महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शारदा राठौर।

केंद्र सरकार व राज्य सरकार की विफलताओं ने हर वर्ग की कमर तोड़ कर रख दी है। सरकार के प्रति लोगों का गुस्सा जन आंदोलन बनता जा रहा है। हरियाणा रेप कैपिटल बन गया है। किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं । युवा वर्ग हताश और निराश होकर भटक रहा है । कर्मचारी और व्यापारी सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं ।भ्रष्टाचार और महंगाई चरम सीमा पर है। बेरोजगारी दूर करने के लिए सरकार के पास कोई ठोस नीति नहीं है। सुमित्रा चौहान ने कहा कि लोगों का सरकार से मोहभंग हो चुका है।

महिलाओं व बालिकाओं के प्रति दुष्कर्म व हत्या के मामले में कानून में बदलाव को लेकर उन्होंने कहा कि सिर्फ 12 साल तक की बालिका के साथ ही नहीं बल्कि सभी दुष्कर्म के मामलों में फांसी का प्रावधान होना चाहिए। महिला कांग्रेस हर जनहित के मुद्दे पर सरकार को घेरेगी। पत्रकार वार्ता को महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शारदा राठौर ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 29 अप्रैल को होने वाली रैली से भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी। जिन मुद्दों को लेकर भाजपा ने सत्ता हासिल की है वे मुद्दे आज सरकार के एजेंडा में नहीं है।

इस अवसर पर फरीदाबाद की प्रभारी रंजीता मेहता, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष साधना सिंह, सुधा भारद्वाज, प्रियंका, सीमा जैन, शालिनी, सरला , निहाला, सगीरन, पूनम, सत्यवती, पार्वती राजदेवी, राजबाला, सुमन सिसोदिया, नीतू कौशिक, धर्मवती, फातिमा, सुनीता, अंशु दुआ, गजना, सुषमा, आशा टोंगर , गुड्डी , सुशीला, नूरबानो व मालवती आदि उपस्थित थे