Faridabad/Alive News: दुकान से रूपये चोरी करने वाले चोर को आसपास के लोगों ने मौके से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों का आरोप है कि थाना डबुआ की पुलिस ने उस चोर को छोड़ दिया। इस बात से लोग भड़क गये और थाना प्रभारी से मिले। थाना प्रभारी ने लोगों को आश्वासन दिया है कि चोर को पकड़ा जायेगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
लोगों का आरोप यह भी है कि चोर ने उन्हें धमकी दी है और इसकी वजह से शिकायतकर्ता और लोगों में भय का माहौल बना है।
मिली जानकारी के मुताबिक डबुआ कालोनी निवासी प्रीति ने बताया कि वह अपनी दुकान छोड़कर एक मिनट के लिए अपनी बेटी का बैग लेने गई थी, इतने में ही उन्हें बाहर से कुछ आवाज सुनाई दी, जब वह बाहर आई तो उन्होंने देखा कि एक युवक उनके गल्ले में से पैसे चुरा रहा है और जब मोहल्ले वालों ने उसे पकड़ा तो वह जान से मारने की धमकी देने लगा। अब उन्हें आरोपी से अपनी व अपने परिवार की जान का खतरा है। जब आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके पास से दो मोबाइल और गल्ले में से चुराए करीब 2 हजार रुपये मिले हैं।
डबुआ कालोनी निवासी एवं प्रत्यक्षदर्शी अभिषेक ने बताया कि बुधवार शाम पांच बजे एक 18 वर्षीय युवक उनकी गली में उनके पड़ोसी के घर के मेन गेट से चोरी करने के लिए दुकान में गया था। जैसे ही वह गल्ले से पैसे निकालने की कोशिश करता है तभी दुकान मालिक आती है और मोहल्ले वालों के साथ मिलकर उसे पकड़ लेती है। बाद में मोहल्ले वालों ने पुलिस को फोन करके बुलाया जो करीब एक घंटे बाद आई। पुलिसकर्मियों ने उन्हें थाने आने के लिए कहा और आरोपी को अपने साथ लेकर चले गये। जब वह लोग थाने पहुंचे तो देखा कि चोर वहां से जा चुका है।

