March 7, 2026

शिव दुर्गा विहार में ‘परिवर्तन वाटिका’ का भव्य उद्घाटन कर समाज को सौंपा

Faridabad/Alive News: परिवर्तन ही प्रकृति का नियम है, जब परिवर्तन समाज के लिए हो, तो वह उत्सव बन जाता है। बीते रविवार को शिव दुर्गा विहार में एक नए सामाजिक कार्य की शुरुआत करते हुए परिवर्तन वाटिका का उद्घाटन किया गया, जो लोगों के लिए एक सिर्फ वाटिका नहीं बल्कि एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है। जो स्थानीय निवासियों के लिए एक ऐसा पावन स्थान बनेगा, जहां सब सुख – दुख, उत्सव और विशेष क्षणों को साथ में साझा कर सकेंगे।

इस उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में फरीदाबाद नगर निगम की मेयर प्रवीण जोशी, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य संदीप जोशी तथा भाजपा नेता एवं अधिवक्ता अश्वनी त्रिखा उपस्थित रहे। परिवर्तन वाटिका के संयोजक एवं बड़खल विधानसभा के समाजसेवी अर्जुन सिंह ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर एवं रामलला की तस्वीर भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। 

परिवर्तन वाटिका के संयोजक अर्जुन सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः सुंदरकांड पाठ से हुई। इसके पश्चात दोपहर साढ़े बारह बजे हवन का आयोजन किया गया। हवन पूर्ण होने के बाद रिबन काटकर औपचारिक उद्घाटन कर दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि “परिवर्तन वाटिका” स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य समाज में समानता और शिक्षा को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि चाहे राष्ट्रपति का बेटा हो या चपरासी का, पूंजीपति का बेटा हो या गरीब परिवार का  सभी को समान शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए। 

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यह वाटिका सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। केवल व्यवस्थागत खर्च लिया जाएगा। वहीं, निजी आयोजनों के लिए निर्धारित शुल्क लिया जाएगा। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए विशेष रियायत की व्यवस्था भी रहेगी। अपने संदेश में अर्जुन सिंह ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को मिलकर सकारात्मक परिवर्तन के लिए आगे आना होगा। जब तक समाज ही सामूहिक रूप से सकारात्मक बदलाव नहीं चाहेगा, तब तक न समाज का विकास संभव है और न ही राष्ट्र का। 

इस अवसर पर मेयर प्रवीण जोशी ने होली की बधाई देते हुए कहा कि रंगों का यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां और सकारात्मकता लेकर आए। उन्होंने कामना की है कि भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी सभी के जीवन को प्रेम और आनंद के रंगों से भर दें तथा हर घर में सुख-समृद्धि बनी रहे। मेयर ने बताया कि जब भी वह इस क्षेत्र में आती हैं तो उन्हें अपने घर जैसा महसूस होता है। उन्होंने कहा कि “पूरा फरीदाबाद मेरा है। हर व्यक्ति को अपने क्षेत्र से विशेष लगाव होता है। जहां वह लंबे समय तक रहते हैं, वह स्थान हमें अपने मायके जैसा लगता है।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि होली के अवसर पर सभी भेदभाव भुलाकर एकजुट हों। यह त्योहार जात-पात, ऊंच-नीच और आपसी गिले-शिकवे मिटाने का पर्व है। सभी भाई-बहन, बच्चे और बुजुर्ग मिलकर इस त्योहार को उत्साह और सौहार्द के साथ मनाएं।

नागेश सिंह, महेंद्र गुप्ता, संतोष यादव और श्रीचंद गौतम ने कहा कि वह समस्त क्षेत्रवासियों, विशेषकर शिव दुर्गा विहार के निवासियों को दिल की गहराइयों से होली की शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने पूर्वांचल समाज द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस समाज ने यहां एक ऐसा मंच तैयार किया है, जो प्रवासी परिवारों के सुख-दुख का साझा केंद्र बन गया है। उन्होंने विशेष रूप से समाजसेवी अर्जुन सिंह, शिशिर, ओम प्रकाश और अन्य सदस्यों के नाम का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से पूर्वांचल समाज मजबूत हुआ है।

“कई सौ किलोमीटर दूर से आकर यहां बसे प्रवासी परिवारों के लिए यह स्थान एक सहारा और अपनापन देने वाला केंद्र बन गया है। इनके कार्यों की जितनी भी प्रशंसा की जाए, कम है। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों भी उपस्थित रहे।