June 6, 2026

फरीदाबाद में पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क का खुलासा: पंचर की दुकान चलाने वाला युवक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: हरियाणा के फरीदाबाद में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले एक गैंग का खुलासा हुआ है। इस मामले में नौशाद अली उर्फ लालू को गिरफ्तार किया गया है, जो पिछले तीन महीनों से एक पेट्रोल पंप पर पंचर की दुकान चला रहा था।

पुलिस के मुताबिक, नौशाद रेलवे स्टेशन और सुरक्षा बलों की फोटो और वीडियो बनाकर व्हाट्सऐप के जरिए पाकिस्तान भेजता था। इसके बदले उसे हर फोटो के लिए 4 से 6 हजार रुपये मिलते थे।

गाजियाबाद पुलिस के डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि इस गैंग के सरगना सुहेल (मेरठ) समेत अब तक 22 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नौशाद के साथ औरंगाबाद की मीरा को भी पकड़ा गया है, जबकि एक आरोपी नाबालिग है। सभी ने बताया कि उन्हें इस गैंग में सुहेल ने जोड़ा था।

जांच में सामने आया कि यह गैंग रेलवे स्टेशनों और सुरक्षा ठिकानों की निगरानी करता था। इसके लिए देशभर में करीब 50 सोलर कैमरे लगाने की योजना थी, जिनमें से कुछ कैमरे दिल्ली और हरियाणा में लगाए भी गए थे। इन कैमरों का सीधा एक्सेस पाकिस्तान में था, जिससे वहां बैठे लोग लाइव वीडियो देख सकते थे।

पुलिस के अनुसार, अब तक 450 से ज्यादा फोटो और वीडियो पाकिस्तान भेजे जा चुके हैं। कैमरे लगाने के लिए आरोपियों को 10 से 15 हजार रुपये तक मिलते थे।

नौशाद ने करीब तीन महीने पहले फरीदाबाद के गांव नचौली के एक पेट्रोल पंप पर पंचर की दुकान शुरू की थी। वह बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। 16 मार्च को गाजियाबाद पुलिस सादे कपड़ों में पहुंची और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने बताया कि नौशाद सामान्य व्यक्ति की तरह रहता था और कभी शक नहीं हुआ। वह वहीं ऑफिस में रहने लगा था और सभी के साथ घुल-मिल गया था।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।