May 9, 2024

हरियाणा में कम हुआ महामारी का प्रकोप, बीते 24 घंटे में आए 5643 मामले, 112 की मौत

Chandigarh/Alive News: कोरोना का प्रकोप अब खत्म होने लगा है। प्रदेश में दैनिक मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही है। अब राहत के संकेत भी मिल रहे हैं। 36 दिनों के बाद पहली बार प्रदेश में सबसे कम 5643 मामले सामने आए हैं। संक्रमण के मुकाबले 13486 मरीज ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है।

दरअसल, रिकवरी दर बढ़कर 91.53 प्रतिशत पहुंच गई है। एक दिन का संक्रमण दर 9.83 रह गई है। प्रदेश की कुल संक्रमण दर 8.53 प्रतिशत है। मृत्यु दर 1 प्रतिशत हो गई है। उधर, अब तक प्रदेश में 5202934 लोगों की टीका लगाया जा चुका है। शुक्रवार को 71027 ने वैक्सीन का पहला और 2544 ने दूसरा डोज लगवाया।

शुक्रवार को प्रदेश में 112 कोरोना मरीजों की मौत हुई। मौत का यह आंकड़ा इस माह का सबसे कम है। एक मई को 125 लोगों की मौत दर्ज की गई थी। इनमें गुरुग्राम-फरीदाबाद-रोहतक 7-7, चरखी दादरी-सोनीपत-अंबाला 5- 5, सिरसा-हिसार 9-9, जींद 8, यमुनानगर-रेवाड़ी-करनाल-झज्जर 6-6, कैथल-फतेहाबाद-भिवानी-पानीपत-कुरुक्षेत्र 4-4, पलवल 3, नूंह 2, महेंद्रगढ़ में 1-1 कोरोना मरीज की मौत हुई है। अब तक प्रदेश में कुल 7317 लोगों की मौत हो चुकी है।

एक दिन में 17 लाख से अधिक ग्रामीणों की स्क्रीनिंग, 313 मिले पॉजिटिव
हरियाणा विलेजर्स जनरल हेल्थ चेकअप स्कीम के तहत प्रदेश में शुक्रवार को 17,11,147 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें से 13563 लोगों के टेस्ट कराए गए, जिनमें से 313 केस पॉजिटिव मिले हैं। सबसे अधिक केस हिसार में 87, फरीदाबाद 41, रोहतक 29, सिरसा 23, अंबाला में 19 पॉजिटिव केस मिले हैं। 

शेष जिलों में 19 से नीचे केस मिले है। संक्रमण दर 2.31 प्रतिशत रही। बता दें कि अब तक 55884 लोगों के टेस्ट किए जा चुके हैं। वहीं, अब तक 2335 केस पॉजिटिव आ चुके हैं। जिनकी संकमण दर 4.18 प्रतिशत है। गांवों में बनाए गए आइसोलेशन सेंटर में 300 लोग दाखिल हैं। इसके अलावा, अब तक 14510 मरीजों के घर किट वितरण की गई है। अब तक 64,68,183 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।