February 25, 2025

हरियाणा सहित उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप, अगले चार दिन तक राहत नहीं

Chandigarh/Alive News: ठंड से चंडीगढ़, पंचकूला और फरीदाबाद के लोग परेशान हैं। रात के साथ दिन के तापमान में भी भारी गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है। तापमान में गिरावट आने के साथ ही लोगों की ठिठुरन भी बढ़ गई है। रविवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बीते तीन साल में सबसे कम है।

रविवार को दोपहर के समय कुछ देर धूप निकली लेकिन फिर बादल छा गए। दिनभर चली शीतलहर ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। सुबह और शाम को होने वाली घनी धुंध से भी लोग बेहद परेशान हैं। कोहरे की चादर से पूरा शहर सुबह 10 बजे तक ढका रहा। इस दौरान दृश्यता बेहद कम रही। लोगों को थोड़ी दूर तक भी ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था।

कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी रही। वाहन चालक गाड़ियों की लाइट जलाकर चलने को मजबूर थे। रविवार की छुट्टी के चलते सड़कों पर भी आवाजाही कम रही और लोग रजाई में दुबके रहे। केवल जरूरी काम के लिए ही लोग बाहर निकले। मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में बदलाव भी देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान चंडीगढ़ के कई स्थानों पर घना कोहरा होने की आशंका जताई गई है। शहर में शीतलहर चलेगी। इस दौरान लोगों से सावधानी बरतने को कहा गया है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि आने वाले दो दिनों में भी काफी ठंड पड़ेगी। 29 दिसंबर के आसपास शहर के कुछ हिस्सों में बादल भी छा सकते हैं।

अगले तीन दिन के मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को सुबह और शाम घना कोहरा पड़ सकता है। दिन के समय धूप निकलेगी। अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मंगलवार को सुबह और शाम घनी धुंध रहेगी। इसके साथ ही दिन में बादल भी छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, बुधवार को सुबह और शाम हल्की धुंध रहेगी। दिन में बादल भी छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।