May 19, 2024

हरियाणा में ठंड का प्रकोप, आज से मिलेगी राहत

Chandigarh/Alive News: हरियाणा में सर्दी ने लोगों को एक बार फिर से जमाव बिंदु के करीब पहुंच दिया है। शनिवार को हिसार में न्यूनतम तापमान 1.4 व महेंद्रगढ़ में 1.7 डिग्री और फरीदाबाद में 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रविवार को मौसम में थोड़ा बदलाव आएगा। पश्चिम विक्षोभ के चलते बादलवाही रहेगी, जिस कारण तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

मौसम विशेषज्ञ से मिली जानकारी के अनुसार हिमालय से उत्तरी ठंडी बर्फीली हवाओं का रुख मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा के एनसीआर व दिल्ली पर बना हुआ है। इसकी वजह से दिन प्रतिदिन तापमान लुढ़क रहे हैं। शनिवार को एनसीआर, दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर 1.4 डिग्री से 6.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।

हाड़ कंपा देने वाली ठंड से बचने के लिए आमजन अलाव सेंकते नजर आए। रविवार को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होगा। जिसकी वजह से हवाओं की दिशा और गति में बदलाव आएगा। आंशिक बादलवाही देखने को मिलेगी। 13 जनवरी के दौरान हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर बादल वाही देखने को मिलेगी। हरियाणा के उत्तरी जिलों में सीमित स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की गतिविधियों की संभावना बन रही। 14 से 18 जनवरी के दौरान गंभीर शीत लहर पड़ेगी।