November 6, 2026

सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को जेईई-नीट की तैयारी का मौका

हरियाणा में 1107 निजी स्कूल RTE नियमों के उल्लंघन और दस्तावेज न देने पर ब्लैकलिस्ट किए गए।

Faridabad/Alive News: सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए अब डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना पूरा करने की राह आसान होगी। आर्थिक स्थिति के कारण महंगी कोचिंग नहीं ले पाने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 के माध्यम से विशेष पढ़ाई का अवसर देगा। सत्र 2027-29 के लिए दोनों योजनाओं की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया बुधवार से शुरू होगी। इसके तहत आठवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे।

मिशन बुनियाद के लिए आठवीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थी 12 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। वहीं, हरियाणा सुपर-100 के लिए दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को पांच दिसंबर तक पंजीकरण कराना होगा। दोनों योजनाओं के लिए पिछली कक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। मिशन बुनियाद में सातवीं और सुपर-100 में नौवीं कक्षा के अंकों के आधार पर पात्रता तय होगी।

मिशन बुनियाद के पांच केंद्रों पर मिलेगी कोचिंग

मिशन बुनियाद के तहत चयनित विद्यार्थियों को नौवीं और दसवीं कक्षा में विशेष कोचिंग दी जाएगी। जिले में इसके पांच केंद्र संचालित हैं। वहीं, हरियाणा सुपर-100 में चयनित विद्यार्थियों को कुरुक्षेत्र में रहकर 11वीं और 12वीं कक्षा के दौरान जेईई और नीट की तैयारी कराई जाएगी।

प्रवेश परीक्षा से होगा चयन

दोनों योजनाओं में प्रवेश परीक्षा के आधार पर चयन होगा। पहले चरण में 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जो 200 अंकों के होंगे। मिशन बुनियाद की लेवल-1 परीक्षा 23 दिसंबर और सुपर-100 की 16 दिसंबर को होगी। जिला विज्ञान विशेषज्ञ श्रीकृष्ण शर्मा ने बताया कि आवेदन शुरू होने के साथ स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। विशेष टीमें विद्यार्थियों को योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देंगी।