March 7, 2026

ब्लू टिक वेरीफाइड नंबर से आए मैसेज पर ही करें निगम बिलों का भुगतान

फोटो : नगर निगम कार्यालय

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद ने शहरवासियों को साइबर ठगी से बचाव को लेकर सतर्क किया है। निगम की अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनजान नंबरों से व्हाट्सएप पर आने वाले पानी के बिल, प्रॉपर्टी टैक्स अथवा अन्य निगम संबंधी भुगतान लिंक को न खोलें और न ही ऐसे किसी लिंक के माध्यम से लेन-देन करें।

एडिशनल कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की ओर से प्रॉपर्टी टैक्स, पानी बिल, नोटिस सहित सभी आधिकारिक सूचनाएं केवल निगम के वेरीफाइड ब्लू टिक व्हाट्सएप नंबर से ही भेजी जाती हैं। नगर निगम द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स बकायाधारकों और प्रॉपर्टी सेल्फ सर्टिफिकेशन के लिए जारी आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9599780878 है। इसी नंबर से प्राप्त लिंक पूरी तरह सुरक्षित और सरकारी हैं।

उन्होंने बताया कि इस वेरीफाइड नंबर से प्राप्त लिंक के माध्यम से नागरिक घर बैठे सुरक्षित रूप से अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर सकते हैं। साथ ही, प्रॉपर्टी आईडी में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर उपभोक्ता ऑब्जेक्शन दर्ज कर सकते हैं और अपनी प्रॉपर्टी को सेल्फ सर्टिफाई भी कर सकते हैं।

सलोनी शर्मा ने कहा कि यदि किसी नागरिक को किसी अन्य अनजान नंबर से निगम के बिल या भुगतान से संबंधित संदेश प्राप्त होता है, तो वे तुरंत सतर्क रहें और इसकी जानकारी नगर निगम के अधिकारियों को दें, ताकि फर्जी लिंक भेजने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके और लोगों को साइबर ठगी से बचाया जा सके।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों पर यह वेरीफाइड ब्लू टिक व्हाट्सएप नंबर जारी किया गया है। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत माध्यमों से ही टैक्स का भुगतान करें और साइबर फ्रॉड से बचाव सुनिश्चित करें।