March 11, 2026

एक दिवसीय टीबी स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का किया

Faridabad/Alive News: भारत सरकार की टीबी मुक्त भारत 2026 मुहिम के तहत भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के राष्ट्रीय मुख्यालय व हरियाणा राज्य शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आज बुधवार को अम्बेडकर भवन, राम नगर (बाटा चौक) में एक दिवसीय टीबी स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन जिला उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद आयुष सिन्हा और सचिव बिजेंद्र सौरोत के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से किया गया।

शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि महेश आशु लाल, प्रधान रोटरी क्लब फरीदाबाद (ईस्ट) और विशेष अतिथि डॉ. हरजिंदर सिंह, उप सिविल सर्जन फरीदाबाद ने किया। इस मौके पर आशु लाल ने कहा कि भारत सरकार का लक्ष्य देश को टीबी मुक्त बनाना है और ऐसे स्वास्थ्य शिविर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ समय पर जांच और इलाज में मदद करते हैं।

डॉ. हरजिंदर सिंह ने बताया कि शिविर में डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, सीबीसी और सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई तथा लोगों को बीमारियों से बचाव और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। वहीं एच.एल. भूटानी ने रेडक्रॉस द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की।

जिला रेडक्रॉस सोसायटी के उपाधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी ने बताया कि शिविर में कुल 201 लोगों की जांच की गई, जिसमें टीबी जांच, आंखों की जांच, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, एचआईवी, हिमोग्लोबिन और एक्स-रे शामिल रहे। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 78 एचआईवी टेस्ट, 75 शुगर टेस्ट और 80 एक्स-रे भी किए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉक्टरों व रेडक्रॉस कर्मियों सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम का विशेष सहयोग रहा।