March 13, 2026

अवैध हथियार रखने के जुर्म में एक आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News : क्राइम ब्रांच 85 प्रभारी सुमेर सिंह की टीम ने अवैध हथियार अधिनियम की धाराओं के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम ओमप्रकाश है जो राजस्थान के भरतपुर का रहने वाला है और फिलहाल बल्लभगढ़ के सेक्टर 3 में रह रहा था। 24 वर्षीय आरोपी ध्याड़ी मजदूरी का काम करता है। दोस्तों में अपनी हवा बनाने के लिए वह इस देसी कट्टे को खरीदकर लाया था।

क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूत्रों की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पुलिस थाना सेक्टर 8 एरिया से देसी कट्टे सहित काबू कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। आरोपी को काबू करके थाने लाया गया जहां उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अलीगढ़ गया था। जहां से वह किसी अनजान व्यक्ति से 6 हजार में कट्टा खरीद कर लाया था। पूछताछ पूरी होने के पश्चात आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है।