Faridabad/Alive News: जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग फरीदाबाद ने आज रविवार को विश्व जल दिवस के अवसर पर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के ट्यूबवेल ऑपरेटरों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान सभी जलकर्मियों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
इस कार्यक्रम में जिला सलाहकार सत्यनारायण नेहरा ने उपस्थित कर्मियों को वैश्विक जल संकट के प्रति सजग करते हुए “5आर” सिद्धांत (कम उपयोग), पुन: उपयोग पुनर्चक्रण, भूजल रिचार्ज और जल का सम्मान को अपनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल की हर बूंद कीमती है और इसके संरक्षण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।
इस मौके पर गांव ब्लॉक की बीआरसी सुमन लता एवं बल्लभगढ़ की बीआरसी सुमन रानी ने उपस्थित जलकर्मियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में जल बचाने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम का अंत सभी प्रतिभागियों को जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते और आमजन को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प देते हुए किया गया।

