March 7, 2026

हरियाणा में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर की पदयात्रा का दूसरा दिनः धीरेंद्र शास्त्री बोले- हिंदुओं सेना को पैसा दान करो, पाकिस्तान उड़ाने के काम आएगा

Faridabad/Alive News: बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा का आज (9 नवंबर) हरियाणा में दूसरा दिन है। यात्रा सुबह 8 बजे से फरीदाबाद के दशहरा ग्राउंड से शुरू हुई। इस दौरान उनके साथ कथावाचक अनिरुद्धाचार्य भी मौजूद रहे। उन्होंने भगवा ध्वज फहराकर सनातन के जयकारे लगाए।

इसके बाद 1 नंबर मार्केट में जलपान के बाद अनिरुद्धाचार्य चले गए। यात्रा के दौरान सुरक्षा घेरा तोड़कर एक युवक धीरेंद्र शास्त्री की ओर बढ़ने लगा। उसे सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा। इसके बाद धीरेंद्र शास्त्री ने उसे अपने पास बुलाया। उसने बाबा को बताया कि वह भक्त है। इसके बाद युवक को छोड़ दिया गया।

आज पदयात्रा सोहना-बल्लभगढ़ रोड, सोहना टी-पॉइंट, बल्लभगढ़ होते हुए अनाज मंडी पहुंचेगी, जहां दोपहर का भोजन किया जाएगा।भोजन के बाद यात्रा एनएच-19 मार्ग से एलसन चौक और जेसीबी चौक होते हुए 15 किलोमीटर का चलकर यात्रा सीकरी गांव पहुंचेगी। यहां शगुन गार्डन में यात्रा का रात्रि ठहराव होगा।

ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि सुबह 7 बजे से दशहरा ग्राउंड एनआईटी से हार्डवेयर चौक, सोहना टी पॉइंट होते हुए बल्लभगढ़ दशहरा ग्राउंड तक का रास्ता आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।
यात्रा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा- हिंदुओं भारतीय सेना को पैसा दान करों, जिससे ज्यादा से ज्यादा गोला बारूद आ सके और पाकिस्तान को उड़ाया जा सके। देश मे क्रांति होने वाली है। धर्म विरोधी ताकतें देश को बर्बाद करती हैं।

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि फरीदाबाद बाबर की नहीं गब्बर की धरती है। हम हिंदुओं के लिए सड़क पर उतरे हैं। भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने और अपनी एकता दिखाने के लिए सड़कों पर उतरना जरूरी है। महाराणा प्रताप, सुभाष चंद्र बोस, रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह जैसे वीरों के नाम से सड़क और चौराहों के नाम होने चाहिए।