March 10, 2026

नवरात्रि के दूसरे दिन मां वैष्ण देवी मंदिर में हुई मां ब्रह्मचारिणी की भव्य पूजा

Faridabad/Alive News : महारानी वैष्णो देवी मंदिर में दूसरे नवरात्रि के अवसर पर मां दुर्गा के स्वरूप ब्रह्मचारिणी की भव्य पूजा-अर्चना संपन्न हुई। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और भक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव से माता के दरबार में हाजिरी लगाई।

इस अवसर पर फरीदाबाद की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी विशेष रूप से मंदिर पहुंचीं और मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना में शामिल हुईं। मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने मेयर को माता की चुनरी और प्रसाद भेंट किया।

पूजा के दौरान भाटिया ने मां ब्रह्मचारिणी की महिमा का उल्लेख करते हुए बताया कि मां दुर्गा का दूसरा स्वरूप ब्रह्मचारिणी है। ब्रह्म का अर्थ तपस्या से है और यह स्वरूप तप, त्याग, वैराग्य, सदाचार और संयम का प्रतीक है। इनकी उपासना से भक्तों को अनंत फल प्राप्त होते हैं।

उन्होंने कथा सुनाते हुए बताया कि पूर्वजन्म में देवी ने हिमालय के घर पुत्री रूप में जन्म लिया था और भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए घोर तपस्या की थी। कई हजार वर्षों तक कठोर तप करने के कारण उन्हें ‘तपश्चारिणी’ और ‘अपर्णा’ नामों से भी जाना गया। उनकी तपस्या को देवताओं, ऋषियों और सिद्धगणों ने अभूतपूर्व बताया।

इस अवसर पर भाजपा नेता कविंद्र चौधरी, रोहित भाटिया, आर.के. बत्रा, विनोद पांडे और अनीता शर्मा भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर मां ब्रह्मचारिणी की आराधना कर नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।