March 7, 2026

गणित सप्ताह के दूसरे दिन पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता

Faridabad/Alive News: गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सराय ख्वाजा में गणित सप्ताह के तहत दूसरे दिन विभिन्न शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा की अध्यक्षता और मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने महान भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन को याद करते हुए उनके गणित के क्षेत्र में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रामानुजन ने त्रिकोणमिति और अन्य गणितीय शोधों के माध्यम से गणित को आम लोगों के लिए रोचक बनाया। गणित सप्ताह मनाने का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणितीय सोच, तार्किक क्षमता, विश्लेषण की आदत और समस्या समाधान की समझ विकसित करना है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, गणितीय क्विज, पहेलियां, चार्ट निर्माण, गणितीय सूत्रों की व्याख्या, संख्यात्मक खेल और दैनिक जीवन में गणित के उपयोग से जुड़ी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों की गणित में रुचि और आत्मविश्वास बढ़ा।

छात्रों ने यह भी समझा कि गणित केवल अंकों का विषय नहीं है, बल्कि यह तर्क, अनुशासन, सटीकता और जीवन कौशल को मजबूत करने का माध्यम है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों ने अहम भूमिका निभाई और विद्यार्थियों को रचनात्मक ढंग से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य मनचन्दा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गणित डर का नहीं, बल्कि समझ और निरंतर अभ्यास का विषय है। यदि छात्र इसे सकारात्मक दृष्टिकोण से अपनाएं तो यह उनके शैक्षणिक और व्यक्तिगत जीवन में काफी मददगार साबित होता है। उन्होंने ऐसे शैक्षणिक आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी बताया।

इस आयोजन में प्राध्यापिका ममता, दीपांजलि, संभव गर्ग, सरिता, सुशीला, निखिल और गीता का सहयोग सराहनीय रहा। प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को गणित सप्ताह के समापन पर सम्मानित किया जाएगा।