July 25, 2026

ओल्ड थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को किया गिरफ्तार  

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में ओल्ड थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को झांसा देकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।  

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 27 अक्टूबर को एक युवती ने शिकायत दी थी कि 26 अक्टूबर की शाम कुछ लड़के उसकी नाबालिग बहन को अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए और उसके साथ गलत काम किया। इस शिकायत पर थाना ओल्ड पुलिस ने पोक्सो और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।  

पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और मुखबिर की मदद से मुख्य आरोपी पंकज, निवासी गोरा गांव, थाना छाता (मथुरा, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है।  

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रक ड्राइवर है। करीब डेढ़-दो महीने पहले पीड़िता और उसके पिता उसके साथ ट्रक में सफर कर चुके थे, जिससे उसे परिवार का नंबर मिला। बाद में उसने पीड़िता से मोबाइल और इंस्टाग्राम के जरिए बात करनी शुरू कर दी। 26 अक्टूबर को वह फरीदाबाद एक काली गाड़ी में आया और दो दोस्तों के साथ लड़की को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। रास्ते में उसने अपने दोस्तों को उतार दिया और लड़की को लेकर वृंदावन चला गया। वहीं से लौटते समय उसने लड़की के साथ गलत काम किया और सुबह करीब साढ़े तीन बजे उसे घर के पास छोड़ दिया।  

आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।