Faridabad/Alive News: पुराने नोट व सिक्के ऊंचे दामों पर खरीदने का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना बल्लभगढ़ ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राहुल और मोमीन निवासी शेरपुर बास, जिला अलवर, राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, फरीदाबाद के सेक्टर-8 निवासी व्यक्ति ने फेसबुक पर पुराने सिक्के खरीदने-बेचने के विज्ञापन पर संपर्क किया था। ठगों ने खुद को एक्सचेंज बायर कंपनी से जुड़ा बताकर 5 रुपये के पुराने नोट के बदले करीब 1 करोड़ रुपये देने का लालच दिया और टैक्स, सिक्योरिटी व कस्टम फीस के नाम पर 1,02,267 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए।
जांच में सामने आया कि मोमीन सोशल मीडिया पर ऐसे विज्ञापन डालता था और राहुल ने अपने जानकारों के 2 बैंक खाते उसे उपलब्ध कराए थे, जिनमें ठगी की रकम मंगाई जाती थी। दोनों आरोपियों को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

