October 1, 2024

जिला जेल में अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाई सविंधान दिवस की शपथ

Faridabad/Alive News: जिला जेल में शनिवार को सविंधान दिवस धूमधाम से मनाया गया। सुबह जिला जेल फरीदाबाद व सीमा सुरक्षा बल के संयुक्त तत्वाधान में संविधान दिवस के अवसर पर जयकिषन छिल्लर जेल अधीक्षक की अगुवाई में जेल के अधिकारियों और कर्मचारियों को सविंधान दिवस की शपथ दिलाई गई।

जयकिशन छिल्लर ने जेल के सभी अधिकारियों और सीमा सुरक्षा बल के जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी यहां संविधान दिवस मनाने को एकत्रित हुए हैं। हर साल 26 नवंबर का दिन भारत में संविधान दिवस के तौर पर मनाया जाता है। 26 नवंबर 1949 को देश की संविधान सभा ने मौजूदा संविधान को अपनाया था। इसी दिन की याद में हर साल देश में संविधान दिवस मनाया जाता है। संविधान तैयार करने में 2 वर्ष, 11 माह 18 दिन लगे थे। यह 26 नवंबर 1949 को पूरा हुआ और इसे अपनाया गया। इसके बाद 26 जनवरी, 1950 को संविधान लागू हुआ।

इस दिन का मकसद देश के नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ाना है। हर भारतीय नागरिक के लिये 26 नवबंर संविधान दिवस बेहद गर्व का दिन है। कोई भी देश बिना संविधान के नहीं चल सकता। संविधान में ही देश के सिद्धांत और उसको चलाने के तौर तरीके होते हैं। यह संविधान ही है जो एक आजाद देश का आजाद नागरिक की भावना का एहसास कराता है। जहां संविधान के दिए मौलिक अधिकार हमारा ढाल बनकर हमें हमारा हक दिलाते हेैं, वहीं इसमें दिए मौलिक कर्तव्य हमें हमारी जिम्मेदारियां भी याद दिलाते हैं।