April 25, 2024

अब हरियाणा में नहीं होगी पांचवी और आठवीं की बोर्ड परीक्षा, सरकार ने वापस लिया फैसला

Chandigarh/Alive News: हरियाणा सरकार ने पांचवीं और आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा लेने के फैसले को वापस ले लिया है। यह जानकारी पत्रकार वार्ता करते हुए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बाेर्ड के चेयरमैन जगबीर सिंह ने दी है। इससे पहले हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से सम्बद्ध राज्य के सरकारी और निजी स्कूलों में अध्ययरत 5वीं और 8वीं के छात्र-छात्राओं का मूल्यांकन बोर्ड परीक्षा द्वारा किए जाने की अधिसूचना जारी की गई थी।

दरअसल, हरियाणा सरकार ने राज्य में कक्षा 5 और कक्षा 8 के स्तरों पर बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन करना सुनिश्चित किया था। हरियाणा सरकार ने राज्य के स्कूलों में 10वीं और 12वीं के बाद पांचवीं और आठवीं कक्षाओं के छात्र-छात्राओं के लिए भी अब बोर्ड परीक्षाएं आयोजित किए जाने के लिए अधिसूचना जारी की थी।

हरियाणा सरकार द्वारा 5वीं और 8वीं कक्षाओं के लिए भी बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के निर्णय की जानकारी राज्य सरकार में शिक्षा मंत्री, चौधरी कंवर पाल ने 29 जनवरी 2022 को साझा की। शिक्षा मंत्री ने कहा, था कि शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षा लागू कर दी गई है। इस ऐतिहासिक निर्णय से शिक्षा प्रणाली में उच्च स्तरीय सुधार होगा।

हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग की अधिसूचना के अनुसार पांचवी और आठवीं कक्षाओं के लिए बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के एक माह के भीतर नतीजों की घोषणा कर दी जाएगी और छात्रों को प्रमाण-पत्र भी जारी कर दिए जाएंगे। ऐसा बताया गया था। मगर अब इस फैसले को ही वापस ले लिया गया है। अब हरियाणा में 5 और कक्षा 8 कक्षा की परीक्षा जिला स्तर पर होगी। बोर्ड परीक्षा के फैसले को सरकार ने वापस ले लिया है।