August 13, 2026

“फरीदाबाद में पौधारोपण नहीं, अब होगा जनभागीदारी आधारित अभियान” – महापौर

Faridabad/Alive News: हरियाणा के मानेसर में आयोजित राष्ट्रीय शहरी स्थानीय निकाय सम्मेलन में फरीदाबाद नगर निगम की महापौर प्रवीण जोशी ने फरीदाबाद की सफाई व्यवस्था, पर्यावरण सुधार और शहरी विकास को लेकर एक सशक्त और दूरदर्शी दृष्टिकोण प्रस्तुत किया।

महापौर ने बताया कि इस वर्ष फरीदाबाद में पहली बार बारिश के दौरान जलभराव नहीं हुआ, जो नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा समय रहते किए गए कार्यों – विशेषकर नालों की सफाई, कचरा प्रबंधन और जल निकासी व्यवस्था – का प्रत्यक्ष परिणाम है। “फरीदाबाद अब एनसीआर का केवल हिस्सा नहीं, बल्कि पूरे देश में एक सुनियोजित और स्वच्छ शहर के रूप में उभर रहा है।

जोशी ने सम्मेलन में पॉलिथीन के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह न केवल पर्यावरण के लिए हानिकारक है, बल्कि शहर की सफाई व्यवस्था को भी प्रभावित करता है। उन्होंने फरीदाबाद में इसके विरुद्ध जागरूकता और सख्त कार्रवाई के साथ एक स्थायी समाधान की आवश्यकता पर बल दिया।

महापौर ने शहर में स्ट्रीट वेंडर्स और मीट विक्रेताओं के लिए नियोजित ज़ोन बनाने का सुझाव भी रखा ताकि रोज़गार को सुरक्षित रखते हुए ट्रैफिक और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

महापौर जोशी ने घोषणा की कि इस बार फरीदाबाद में सभी पार्षदों और नागरिकों के सहयोग से पौधारोपण किया जाएगा। इसे केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि जनभागीदारी आधारित अभियान के रूप में चलाया जाएगा।

महापौर ने सम्मेलन में उपस्थित लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला जी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ओम बिड़ला जी जैसे वरिष्ठ और अनुभवी जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन हम सभी नगर निकायों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। वहीं मनोहर लाल जी ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में फरीदाबाद के लिए विकास की मजबूत नींव रखी थी, जिसे अब हम आगे बढ़ा रहे हैं।

महापौर ने अंत में कहा कि यह पूरे हरियाणा के लिए गौरव की बात है कि इस स्तर का राष्ट्रीय सम्मेलन यहां आयोजित हुआ। फरीदाबाद की सक्रिय भागीदारी यह साबित करती है कि हम देश के श्रेष्ठ शहरी मॉडल बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहे हैं।