Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में बन रहे दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस वे पर एनजीटी के नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही है। जिसका खामियाजा वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। इसके अलावा एक्सप्रेस वे के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य के दौरान उड़ रही धूल से वह बीमार पड़ रहे हैं। ठेकेदार द्वारा सड़क पर उड़ रही मिट्टी पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा। जिसके कारण उन्हें सांस लेने में समस्या हो रही है।

एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य क्षेत्रों के लोगों के लिए बना मुसीबत एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य के कारण दिल्ली के मदनपुर खादर, सरिता विहार, जैतपुर सौरभ विहार, अली गांव, मीठापुर, मोलरबंद, मोहन बाबा नगर, फरीदाबाद के दुर्गा बिल्डर, शिव एंक्लेव, पल्ला, सरस्वती कॉलोनी, चौहान कॉलोनी, सेहतपुर, एत्मादपुर, सराय ख्वाजा, सेक्टर 37, सेक्टर 29, 28, 30, 31, अशोका एंक्लेव आदि क्षेत्रों में रह रहे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। क्या कहना है स्थानीय लोगों का बाईपास रोड़ पर एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य हमारे लिए जी का जंजाल बना हुआ है। घर में अंदर तक मिट्टी की मोटी मोटी परते जम गई है।
– कविश सिंह, सेक्टर 29 निवासी।
एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य शुरू हुए करीब दो-तीन साल बीत चुके हैं। लेकिन अभी तक एनजीटी के आदेशों की पालना नहीं की जा रही जिसके कारण शहर में प्रदूषण भी काफी बढ़ गया है। बाईपास के आस पास रह रहे लोगों का बाहर निकलना और सांस लेना दुभर हो गया है। हम बीमार पड़ रहे है।
मनीष ठाकुर, पल्ला निवासी।
क्या कहना है अधिकारी का
एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य को लेकर सभी ठेकेदारों को पानी छिड़काव को लेकर सख्त आदेश दिए गए हैं। ठेकेदारों द्वारा कंस्ट्रक्शन साइट पर वर्तमान में पानी का छिड़काव लगातार किया जा रहा है। बहुत जल्द स्थानीय लोगों को धूल की समस्या से निजात मिल जाएगी।
एस.के बंसल, उप महाप्रबंधक- एनएचएआई।

वहीं, नगर निगम अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार प्रदूषण को नियंत्रण करने के लिए बहुत जल्द नगर निगम वार्ड स्तर पर करीब 2 लाख पौधे घने जंगल के रूप में लगाएगा। इसके लिए नगर निगम ने तिगांव विधानसभा के साथ वादों में पौधारोपण के लिए करीब 1.07 करोड रुपए का बजट भी जारी किया है। इन पौधों को नर्सरी में तैयार किया जा रहा है।

