April 24, 2024

सिद्धदाता आश्रम में मनाया गया नववर्ष कार्यक्रम

Faridabad/Alive News : सिद्धदाता आश्रम में नववर्ष का कार्यक्रम बड़ी सादगी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरु महाराज ने कहा कि ज्ञान के बिना मनुष्य पशु के समान है। सही गलत का ज्ञान न होने से मनुष्य और पशु में कोई अंतर नहीं रह जाता है। लेकिन सतसंग से मनुष्य को ज्ञान होता है। अज्ञानता के सागर में गोते लगाते मनुष्य को ज्ञान कराकर भव सागर पार कराने वाले गुरु सर्वदा पूज्य हैं। गुरुओं की आज्ञा को मानकर जीवन जीने वाले को परमात्मा की कृपाएं अवश्य ही प्राप्त होती हैं। उन्होंने सभी भक्तों को नववर्ष में नवसंकल्प लेकर जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए जागरुक किया।

वहीं भक्तों में भी इस दिन जगदगुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज को जन्मदिन की बधाई देने और नववर्ष के अवसर पर आशीर्वाद प्राप्त करने की उत्सुकता दिखी। इससे पहले गुरु महाराज ने लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम में भगवान की और
स्मृति स्थल पर वैकुंठवासी गुरु महाराज की समाधि पर
लोककल्याण के लिए अर्चना एवं आराधना की।

इस अवसर पर आश्रम की वार्षिक सुदर्शनालोक का विमोचन भी किया गया। वहीं 23 जनवरी को दीक्षा कार्यक्रम की भी
घोषणा की गई। पूरा दिन चलने वाले इस कार्यक्रम में भक्त शिष्यत्व ग्रहण कर सकेंगे। जयपुर से आए गायक लोकेश शर्मा
ने सुमधुर भजन प्रस्तुत किए। वहीं सेवादारों के बच्चों द्वारा सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। सभी भक्तों के लिए भोजन
प्रसाद की व्यवस्था की गई।