March 7, 2026

फरीदाबाद में हरित अभियान और सांस्कृतिक गतिविधियों की नई शुरुआत

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद द्वारा सेक्टर-14 स्थित सेंट्रल पार्क में शीतकालीन फूल वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने किया। कार्यक्रम में नगर निगम कमिश्नर धीरेन्द्र खड़गटा और मेयर प्रवीण जोशी भी मौजूद रहे। समारोह के साथ शहर में बड़े स्तर पर हरित अभियान की शुरुआत की गई।

मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि 17 करोड़ सैंपलिंग पौध तैयार किए गए हैं, जिन्हें अगले एक महीने में फरीदाबाद के घरों, बॉलकनियों, आंगनों और गार्डनों में रोपा जाएगा। उन्होंने इसे स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर फरीदाबाद बनाने का महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए, पार्षदों, एनजीओ और नागरिकों के सहयोग से शहर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जाएगा।

उन्होंने घोषणा की कि मुख्यमंत्री नायब सिंह के निर्देशानुसार सभी सेक्टरों में पार्क प्रतियोगिता आयोजित होगी। सबसे सुंदर पार्क को 1 लाख रुपये और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। साथ ही शहर के 1000–2000 गज के लेफ्ट-आउट क्षेत्रों में 500 सिटी फॉरेस्ट विकसित किए जाएंगे, जिनमें से 15 पहले ही बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि शहर की सांस्कृतिक पहचान को वापस लाने के लिए ओपन-एयर थिएटर, क्विज, फूड फेस्टिवल और सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

निगम आयुक्त धीरेन्द्र खड़गटा ने कहा कि पौधे मुफ्त उपलब्ध कराए जा रहे हैं और नागरिक इन्हें घरों व संस्थानों में लगाकर हरित पहल को मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि शहर के सभी पार्कों में सिंथेटिक ट्रैक और नई सुविधाओं का विकास किया जाएगा, ताकि वे बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहें। उन्होंने आगामी महीनों में फूड फेस्टिवल, फ्लावर शो और ओपन-एयर थिएटर की शुरुआत की जानकारी भी दी।

मेयर प्रवीण जोशी ने बताया कि फरीदाबाद ने 3.5 लाख पौधे लगाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ उनकी देखभाल करना असली संकल्प है। उन्होंने नागरिकों से शहर को पॉलिथीन-फ्री बनाने और हरित अभियान को लगातार आगे बढ़ाने की अपील की।

इस अवसर पर पार्षद मुकेश अग्रवाल, पार्षद सचिन शर्मा, कुलदीप साहनी, दिलीप वर्मा, आशु वर्मा, नरेश शर्मा, पंकज गर्ग, जी एस रावत, नीरज चावला सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।