August 26, 2026

नेपाल में अचानक आई बाढ़ से तबाही, पुल बहा और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट को बड़ा नुकसान

नेपाल के रसुवा में अचानक आई बाढ़ से पुल और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट को नुकसान

International/Alive News: नेपाल के बागमती प्रदेश के रसुवा जिले के तिमुरे और स्याब्रुबेसी इलाकों में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। बाढ़ के पानी से बाजार, कई घर और हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट प्रभावित हुए हैं। हालात को देखते हुए त्रिशूली नदी के किनारे बसे इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

नेपाल के रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, गोरखा और चितवन जिलों के साथ-साथ भारत के बिहार के बगहा, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिलों में भी नदी किनारे रहने वाले लोगों के लिए हाई अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से नदियों के पास जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

कई दिनों से उफान पर हैं पहाड़ी नदियां

नेपाल में पिछले कई दिनों से पहाड़ी नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। कई जगहों पर भूस्खलन के कारण सड़कें और राजमार्ग भी बंद हैं। इसी बीच भोटेकोशी नदी में अचानक पानी बढ़ने से नेपाल के साथ बिहार के कुछ इलाकों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

रसुवा जिला प्रशासन के अनुसार, भोटेकोशी नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने की सूचना मिली थी। यह नदी तिब्बत से नेपाल में प्रवेश करती है।

लोगों से बेहद सतर्क रहने की अपील

नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) ने रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, चितवन और गोरखा के नदी किनारे रहने वाले लोगों से अगले आदेश तक बेहद सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को सुरक्षा उपाय अपनाने और नदी के आसपास जाने से बचने को कहा गया है।

बाढ़ में बह गया हाल में बना पुल

रसुवा के सहायक मुख्य जिला अधिकारी ध्रुव प्रसाद अधिकारी के अनुसार, बाढ़ का जलस्तर असामान्य रूप से बढ़ गया था, जिससे तिमुरे और स्याब्रुबेसी क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है।

रसुवा के मुख्य सीमा शुल्क अधिकारी राजेंद्र ढुंगाना ने बताया कि सीमा शुल्क परिसर में खड़े कई वाहन और सामान भी बाढ़ के पानी में बह गए। इसके अलावा हाल ही में बनाया गया एक पुल भी तेज बहाव में बह गया।