Faridabad/Alive News: भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 136वीं जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद द्वारा नीलम चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक और जिला प्रभारी सुधीर चौधरी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ नेहरू जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित नेहरू ने भारत के विकास, लोकतंत्र की मजबूत नींव और आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि नेहरू जी का जीवन, त्याग और देशभक्ति आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। बच्चों के प्रति उनके स्नेह के कारण ही पूरा देश उनका जन्मदिवस बाल दिवस के रूप में मनाता है।
जिला प्रभारी सुधीर चौधरी ने कहा कि पंडित नेहरू ने स्वतंत्रता आंदोलन में अपने परिवार सहित कष्ट सहकर देश की आजादी के लिए संघर्ष किया। जेल यातना झेलीं और आम नागरिक जैसा जीवन जीया। स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश की एकता, अखंडता और विकास की मजबूत दिशा तय की। उनकी नीतियों ने भारत को महान, आधुनिक और प्रगतिशील राष्ट्र बनाने का आधार प्रदान किया।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नेहरू जी के आदर्शों पर चलते हुए धर्मनिरपेक्षता, भाईचारे और मजबूत भारत के निर्माण में योगदान दें।
इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता योगेश ढींगड़ा, विनोद कौशिक, अशोक रावल, गौरव ढींगड़ा, एस.एल. शर्मा, डॉ. सौरभ भारद्वाज, संजय सोलंकी, बाबूलाल रवि, सुरेश बेनीवाल, राहुल नागर, वेद प्रकाश यादव सहित अनेक कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

