Faridabad/Alive News : सालों से बसे गरीब लोगों को उजाड़ने के विरोध में शनिवार को नेहरू कालोनी संघर्ष समिति के तत्त्वाधान में बड़ी तादाद में लोग एकत्र हुए। इस दौरान लोगों ने रोष जताते हुए कहा कि जिस सरकार को उन्होंने चुनकर सत्ता में बिठाया, उसी सरकार ने आज उनके लिए इतनी बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी है। इस भीषण गर्मी के बीच उनके आशियानों को उजाड़ा जा रहा है।
नेहरू कालोनी संघर्ष समिति की अपील पर शनिवार को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विजय प्रताप, जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक, पूर्व पार्षद अनिल शर्मा, मोहसीन खान एवं इशान्त कथुरिया सहित अनेक नेता नेहरू कालोनी में पीड़ित लोगों के बीच पहुंचे।
‘वोट के समय पक्का करने का वादा किया था, अब चला रहे बुलडोजर’
पीड़ित लोगों ने नेताओं को अपना दुखड़ा सुनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार बेहद निर्दयता के साथ उन्हें उजाड़ रही है। चुनाव के समय वोट लेने के लिए भाजपा नेताओं ने वादा किया था कि सभी झुग्गियों को पक्का किया जाएगा, लेकिन आज यहाँ बसे गरीब लोगों को बेघर किया जा रहा है।
अन्य कॉलोनियों पर भी मंडरा रहा खतरा: संघर्ष समिति
नेहरू कालोनी संघर्ष समिति ने चेतावनी देते हुए कहा कि अन्य स्लम क्षेत्रों में रहने वाले लोग यह न सोचें कि आज सिर्फ नेहरू कालोनी उजड़ रही है तो उनका नंबर नहीं आएगा। समिति के अनुसार आदर्श कालोनी, राहुल कालोनी, कल्याणपुरी झुग्गी, दयाल नगर, एसी नगर सहित सैकड़ों कालोनियों पर बारी-बारी बुलडोजर चलाने की तैयारी की जा रही है। ऐसे दुख की घड़ी में सभी लोगों को एक होना पड़ेगा। समिति ने सभी विपक्षी दलों से रविवार को होने वाले विशाल धरने में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अनंगपुर की तर्ज पर यहाँ भी कमेटी बनाकर आंदोलन की शुरुआत की जाएगी और पूरे देश के नेता इस आंदोलन में शामिल होंगे।
कांग्रेस ने हमेशा बसाया, बीजेपी उजाड़ रही है: विजय प्रताप
इस अवसर पर पहुंचे कांग्रेस नेता विजय प्रताप ने कहा कि यह गरीब और मजदूर के हक की लड़ाई है और इस लड़ाई में वे पूरी तरह से लोगों के साथ खड़े हैं। उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए बताया कि जब पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से बड़ी तादाद में लोग यहाँ आए थे, तब तत्कालीन कांग्रेस सरकार में जवाहरलाल नेहरू जी ने सभी को यहाँ रहने के लिए आश्रय दिया था। कांग्रेस ने हमेशा लोगों को बसाया है, जबकि बीजेपी गरीबों को उजाड़ने का काम कर रही है। विजय प्रताप ने साफ कहा कि यह जमीन लोगों की है और इस पर उनका हक है, इसे किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे। रविवार सुबह 9 बजे से शुरू होने वाले धरने में आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

