Faridabad/Alive News: आज शुक्रवार को नगराधीश (सीटीएम) अंकित कुमार ने समाधान शिविर में आई शिकायतों के लंबित और रीओपन मामलों को लेकर लघु सचिवालय के सभागार कक्ष में सम्बंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की।
सीटीएम अंकित कुमार ने कहा कि एटीआर सम्बंधित एसडीएम के हस्ताक्षर सहित अपलोड की जाए तथा पुलिस और नगर निगम को छोड़कर अन्य सभी विभाग एसडीएम स्तर से सत्यापन अवश्य कराएं। जिन मामलों में रीओपन को तकनीकी रूप से अनुचित माना जाता है, उनके संबंध में विस्तृत लिखित प्रतिवेदन उच्च स्तर पर भेजने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यदि पेंडेंसी और रीओपन मामलों में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिकायत निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर ऐसा हो, जिससे शिकायतकर्ता पूर्ण रूप से संतुष्ट हो। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मामलों का समाधान हो चुका है, उन्हें संबंधित पोर्टल से समयबद्ध रूप से हटाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि लंबित मामलों के आंकड़ों में पारदर्शिता बनी रही।
सीटीएम अंकित कुमार ने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जिला स्तर पर लघु सचिवालय तथा उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं।
समीक्षा बैठक में फरीदाबाद एसडीएम अमित कुमार, एसीपी राजीव कुमार, डीडीपीओ प्रामिन्द्र, डीआरओ विकास सहित अन्य विभागीय अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।

