Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद और विक्टोरा लाइफ फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से शहर में ‘वेस्ट टू वेल्थ’ मॉडल की सफल शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत मंदिरों में अर्पित फूलों को कचरे में फेंकने के बजाय उनसे प्राकृतिक, रसायन-मुक्त और त्वचा-अनुकूल गुलाल तैयार किया जा रहा है।
फाउंडेशन के प्रेजिडेंट एस.एस. बांगा ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देना है। नगर निगम आयुक्त धीरेन्द्र खड़गटा ने पहल की सराहना करते हुए इसे ‘क्लीन और ग्रीन फरीदाबाद’ की दिशा में अहम कदम बताया।
प्रथम चरण में शहर के प्रमुख मंदिरों से प्रतिदिन फूल एकत्रित कर वैज्ञानिक प्रक्रिया से सुखाकर प्राकृतिक रंग तैयार किया जा रहा है। अभियान में विभिन्न आरडब्ल्यूए और स्वयंसेवी समूह भी जुड़े हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, 100 किलोग्राम फूलों को लैंडफिल में जाने से रोकने पर लगभग 6.2 किलोग्राम मीथेन उत्सर्जन कम किया जा सकता है। भविष्य में इस पहल के तहत अगरबत्ती और अन्य जैविक उत्पाद बनाकर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की भी योजना है।

