May 4, 2024

सभी सरकारी और निजी स्कूलों के इन छात्रों का 12 नवंबर को होगा नेशनल अचीवमेंट सर्वे

New Delhi/Alive News : देश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के तीसरी, पांचवी, आठवीं और दसवीं कक्षा के करीब 38 लाख छात्रों का राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण इस साल 12 नवंबर को आयोजित होगा। इस राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में पहली बार दसवीं कक्षा के छात्रों को भी शामिल किया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार गणित, विज्ञान, हिंदी, सामाजिक विज्ञान आदि विषय की दो-दो घंटे की परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी। इससे छात्रों का शैक्षिक मूल्यांकन किया जाएगा। इससे पहले 2017 में छात्रों का पहला नेशनल अचीवमेंट सर्वे किया गया था। इस रिजल्ट के आधार पर आगे छात्रों में विकसित योग्यताओं का आकलन करने में मदद मिलेगी।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक सरकार तीन वर्ष की चक्र अवधि के साथ कक्षा 3, 5, 8 और 10वीं के आकलन के उद्देश्य से नमूना आधारित राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण  का एक आवर्ती (रोलिंग) कार्यक्रम लागू कर रही है।

सर्वेक्षण में  कोविड महामारी के दौरान शिक्षण में आई रुकावटों और नए शिक्षण का आकलन करने और सुधारात्मक उपाय करने में मदद मिलेगी।  सर्वेक्षण के लिए प्राथमिक और माध्यमिक दोनों स्तरों के लिए राज्य और जिला रिपोर्ट कार्ड जारी किए जाएंगे और इन्हें सार्वजनिक क्षेत्र में रखा जाएगा। इसमें 36 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के 733 जिलों में लगभग 1.23 लाख स्कूल और 38 लाख छात्र  शामिल होंगे।

  
जानकारी के अनुसार परीक्षा में प्रश्नपत्र बहुविकल्पीय होंगे। तीसरी और पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों से गणित, भाषा व ईवीएस विषय से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। आठवीं कक्षा के लिए भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में और कक्षा 10 के लिए भाषा, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और अंग्रेजी में किया जाएगा।

 22 भारतीय भाषाओं में होगी आयोजित
नई शिक्षा नीति लागू होने के चलते पहली बार परीक्षा 22 भारतीय भाषाओं में आयोजित की जा रही है।बंगाली, अंग्रेजी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मलयालम, मणिपुरी, मराठी, मिजो, उड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगू, उर्दू, बोडो, गारो, खासी, कोंकणी, नेपाली, भूटिया और लेप्चा को शामिल किया गया है।