May 12, 2024

नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, पढ़िए खबर

Faridabad/Alive News: मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे के कुछ घंटे बाद ही हरियाणा के नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के चलते हरियाणा में ये सत्ता परिवर्तन हुआ है। खट्टर के इस्तीफा देने के कुछ ही देर बाद हरियाणा में भाजपा अध्यक्ष नायब सिंह सैनी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया था।

नायब सिंह सैनी के साथ पांच मंत्रियों ने ली शपथ

सैनी के साथ कंवरपाल गुर्जर ने भी मंत्री पद की शपथ ली। गुर्जर यमुनानगर की जगाधरी सीट से विधायक हैं। कंवरपाल के साथ मूलचंद शर्मा ने भी सैनी कैबिनेट में मंत्री पद की शपथ ली। मूलचंद शर्मा बल्लभगढ़ से विधायक हैं। पिछली सरकार में मंत्री रहे रणजीत सिंह चौटाला ने भी मंत्री पद की शपथ ली। बता दें कि रणजीत सिंह निर्दलीय विधायक हैं। गौर करने वाली बात यह है कि रणजीत सिंह भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत देवी लाल चौटाला के बेटे हैं। इसके साथ ही जयप्रकाश दलाल और डॉ. बनवारी लाल ने भी हरियाणा सरकार में मंत्री पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री सैनी के साथ कुल 5 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली।

नायब सिंह सैनी ने मोदी, शाह और नड्डा का जताया आभार

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नायब सिंह सैनी ने खट्टर और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। सैनी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में ‘सर्वसम्मति’ से भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा समेत अन्य नेताओं का आभार जताया।