Faridabad/Alive News: ग्रीनफील्ड कॉलोनी में गर्भवती महिला की हत्या के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने महिला के पति रंजीत कुमार को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में आरोपी ने बताया कि उसने पत्नी के चरित्र पर शक होने के कारण उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी। बाद में वारदात को चोरी का रूप देने के लिए घर से आभूषण भी ले गया और पुलिस को झूठी कहानी सुनाई।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को सूरजकुंड थाना क्षेत्र की ग्रीनफील्ड कॉलोनी में एक महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी। मृतका की पहचान 29 वर्षीय नमीता के रूप में हुई। महिला के पिता शिव नारायण की शिकायत पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया और जांच अपराध शाखा एनआईटी को सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की गहराई से जांच की। पूछताछ में पति रंजीत कुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि 21 और 22 जुलाई की रात उसे शक हुआ कि उसकी पत्नी किसी दूसरे व्यक्ति से फोन पर बात कर रही है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर उसने पत्नी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए घर से आभूषण उठा लिए और यह कहानी बनाई कि चोरी करने आए बदमाशों ने उसकी पत्नी की हत्या कर दी।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी दिल्ली के होटल हयात में कुक का काम करता है। उसकी शादी नवंबर 2025 में नमीता से हुई थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान मामले से जुड़े सबूतों और अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।

