May 6, 2024

नगर निगम तोडफोड़ दस्ते ने बड़खल फ्लाईओवर के नीचे से अवैध अतिक्रमण हटाया

Faridabad/Alive News: नगर निगम तोडफोड दस्ते ने भारी पुलिस बल के साथ मंगलवार को बड़खल फ्लाईओवर के नीचे बसे लोगों और अवैध अतिक्रमण को हटाया। अवैध अतिक्रमण हटाने वाली निगम की टीम से लोग भिड़ गए और तोडफोड़ दस्ते पर पथराव शुरू कर दिया। जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने लोगों पर लाठी चार्ज कर दिया। हालांकि, काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद भी निगम की टीम नहीं रुकी और बुलडोजर की मदद से पुल के नीचे बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

जानकारी के मुताबिक शहर में नगर निगम अवैध अतिक्रमण को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए है। इसके अलावा नगर निगम के तोडफोड दस्ते ने अवैध अतिक्रमण को लेकर नीलम और बाटा पुल के नीचे से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की और कई रेहड़ी खोखे को ध्वस्त किया है।

क्या कहना है लोगों का
पुलिस बल के साथ नगर निगम की टीम ने आते ही तोडफोड़ की कार्यवाही शुरू कर दी। हमें समान निकालने तक का समय नहीं दिया गया। वहीं, जब हमने टीम से समान निकालने के लिए दस मिनट का समय मांगा तो सुरक्षा कर्मी ने हम पर लाठी चार्ज कर दिया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तोड़फोड़ दस्ते के साथ कहासुनी हुई।
-नाजनीन, पीड़ित महिला।

सर्दी में सरकार के आदेश पर नगर निगम गरीबों के घर तोड़ने में लगा है। बाहर हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है, ऐसे में अब हम अपने छोटे छोटे बच्चों को लेकर कहां जायेंगे। इस सरकार ने पहले हमारे मुंह से रोटी छीनी और आज सिर से छत छीन कर हमें खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर कर रही है।
-रूबी, पीड़ित महिला।