May 17, 2024

खोरीवासियों को अपने गांव वापस लौटने के लिए नगर निगम देगा टिकट

Faridabad/Alive News: नगर निगम खोरी गांव में लोगों की मदद के लिए आगे आया है। खोरी गांव से मकान खाली करने के लिए नगर निगम द्वारा पहले से ही ट्रक की सुविधा दी जा रही थी अब उनको गांव वापस लौटने के लिए ट्रेन और बस का टिकट देने की भी घोषणा की गई है। इस सुविधा के लिए लोग सूरजकुंड स्थित होटल राजहंस में संपर्क कर सकते हैं।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद अरावली में बसे खोरी गांव को हटाने के लिए नगर निगम तोड़फोड़ की तैयारी कर रहा है। जिला प्रशासन की ओर से खोरी वासियों के लिए पुनर्वास की भी कोई सुविधा नहीं की गई है हालांकि प्रशासन अपने स्तर पर निवासियों की मदद करने के लिए पूरी कोशिश कर रहा है।

नगर निगम की ओर से पहले लोगों को मकान खाली करने के लिए ट्रक की सुविधा उपलब्ध करवाई गई थी वहीं अब नगर निगम लोगों को अपने गांव वापस जाने के लिए बस तथा ट्रेन की टिकट भी उपलब्ध करवा रहा है। खोरी वासी नगर निगम द्वारा दी जा रही सुविधा का लाभ ले रहे हैं। निगमायुक्त ने बताया कि खोरी के लोग अपने मूल गांव वापस लौटना चाहें तो निगम उनकी पूरी मदद करेगा। उनके लिए बस और ट्रेन की टिकट भी करवा दी जाएगी। इस संबंध में जानकारी के लिए सूरजकुंड स्थित होटल राजहंस में संपर्क कर सकते हैं।

लोगों को घर खाली करने के लिए नगर निगम की ओर से चार ट्रक उपलब्ध कराई गई है। जिससे घर का सामान एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने के लिए लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना ना करना पड़े। इसके लिए अधिकारियों के नंबर भी जारी किए गए हैं। नोडल अधिकारी राजेश जून ने बताया कि निगम कि ट्रक की सुविधा का लोग लाभ ले ले रहे हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर 8595386733, 9650128360, 9013743421 पर संपर्क कर सकते हैं।